दिन में धूप से राहत, रात में बढ़ जा रही गलन

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पिछले कई दिनों से धूप तो दिन में निकल रही है, लेकिन शाम होते ही गलन में वृद्धि हो जा रही है। धूप के चलते दिन में तो लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन शाम होते ही गलन बढ़ने से सुबह तक जन जीवन प्रभावित होने लग रहा है। इसके चलते बाजार में दिन में चहल पहल तो है, लेकिन शाम होते ही सन्नाटा हो जा रहा है। ठंड तो बढ़नी शुरू हो गई, लेकिन अभी तक नगर में कहीं भी अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं की गई है।
दिसंबर माह में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। शाम ढलते ही सड़कों पर गलन से वाहनों से चलना भी दूभर हो जा रहा है। सुबह 7 बजे तक कोहरे का असर रह रहा है। सात बजे के बाद ही लोग घरों से निकल रहे हैं, लेकिन ठंड अपना असर सुबह दस बजे तक दिखा रही है। शाम चार बजे के बाद गलन फिर से बढ़ जा रही है। शाम ढलने के बाद लोग घरों का रूख करने लग रहे हैं। इक्का दुक्का लोग ही सड़क पर दिख रहे हैं। वहीं वाहनों की आवाजाही भी कम हो जा रही है। उधर ठंड बढ़ते ही गर्म कपड़ों की बिक्री बढ़ गई है।