जिले भर में विधि-विधान से हुई गोवर्धन पूजन

FARRUKHABAD NEWS


फर्रूखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिले भर में गोवर्धन पर्व पूर्ण श्रद्धा के साथ मनाया गया। लोगों ने पूरे विधि विधान के साथ पूजन किया। महिला गोवर्धन बनाने के लिए सुबह से ही गाय का गोबर तलाशती रहीं। पूजा अर्चना के बाद जमकर आतिशबाजी भी छोड़ी।
जिले भर में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गोवर्धन पर्व पर मंगलवार की सुबह के समय हिंदू
समाज के लोगों ने गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत, गाय-बछड़े, बैलों की स्थापना करके पूरे विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की। पूजन में गन्ने, सिघाड़े, तुली, दूध लगाने की रई, मिठाई, फल-सब्जी, अन्न, कपास रखकर पूजन स्थल की परिक्रमा की। पूजन के उपरान्त श्रद्धालुओं ने अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण किया। बताते हैं कि भगवान इंद्र ने तीन दिन तक लगातार घनघोर वर्षा की थी और इससे बचाव के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उंगली पर उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा की थी। इस कारण इस पर्व को श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है।

शहर के राधा-श्याम शक्ति मन्दिर, ठाकुर द्वारा घुमना बाजार, श्री लक्ष्मी नारायण मन्दिर खतराना, महा काल मन्दिर अंगूरी बाग , श्री राधा माधव मन्दिर में धूमधाम से गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया| श्री राधा माधव मन्दिर गांधी कूंचा में प्रमुख सेवादार चिन्मय गोस्वामी के नेतृत्व में बनाये गये छप्पन भोग का प्रसाद भगवान गोवर्धन को अर्पित किया गया| सभी की सुख-शांति की कामना की गयी |