रंजिश में ताबड़तोड़ फायरिंग कर वृद्ध की हत्या, दो पुत्र घायल

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) रंजिश के चलते वृद्ध की गोलियों से भुनकर हत्या कर दी गयी| जबकि उसके दो पुत्र गंभीर रूप से घायल हैं | पुलिस नें दो आरोपियों व मृतक के एक पुत्र को हिरासत में ले लिया| जब पुलिस को वृद्ध की मौत की जानकारी हुई तो हिरासत में लिए गये उसके पुत्र को छोड़ दिया गया| मृतक के परिजनों नें ग्राम प्रधान व पुलिस पर मिली भगत का आरोप लगाया|
कोतवाली फतेहगढ़ के ग्राम सराह निवासी 70 वर्षीय ब्रजनंन्दन शुक्ला की गाँव के ही लोगों के साथ रंजिश चलती है| जिसके चलते शनिवार को आरोपियों नें ब्रजनन्दन उनके 23 वर्षीय पुत्र त्रिपुरारी शुक्ला, 24 वर्षीय चन्दन शुक्ला घर के बाहर खड़े थे| त्रिपुरारी नें बताया उसी दौरान दबंग मौके पर आ गये| उन्होंने मारपीट शुरू कर दी | देखते ही देखते धारदार हथियारों से हमला बोला और ताबड़तोड़ फायरिंग भी कर दी| ब्रजनन्दन व उनके पुत्र चन्दन व त्रिपुरारी बुरी तरह घायल हो गये| उन्हें परिजन लोहिया अस्पताल लेकर पंहुचे जहाँ से हालत गंभीर होनें पर उन्हें रिफर कर दिया गया|
लोहिया अस्पताल से निकल कर पीडित घायल एसपी आवास पर पंहुचे और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार से मिलनें का प्रयास किया लेकिन एसपी पीआरओ नें उन्हें समझाबुझा कर टरका दिया |
जिसके बाद घायलों को नाला मछरटटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया| लेकिन हालत नाजुक होनें पर वृद्ध ब्रजनन्दन को रिफर कर दिया गया| जहाँ परिजनों नें आवास विकास के एक निजी नर्सिंग होम में उन्हें भर्ती किया| दोपहर को घायल वृद्ध ब्रजनन्दन की मौत हो गयी| परिजनों में कोहराम मच गया| सूचना मिलने पर एएसपी डॉ. संजय सिंह, सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह, आदि ने घायलों के हालचाल लिए और घटना स्थल का निरीक्षण भी किया | पुलिस नें आरोपी पक्ष के दो व मृतक के पुत्र को हिरासत में ले लिया| लेकिन जब पुलिस को पता चला की फायरिंग व मारपीट में घायल वृद्ध की मौत हो गयी है तो मृतक के पुत्र को पुलिस नें छोड़ दिया|
पुलिस के साथ भी मारपीट
आरोपियों से मिली भगत का आरोप लगाकर ग्रामीणों नें तीन पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट कर दी| ग्रामीण पुलिस से नाखुश नजर आये| जिससे लगा दाल में कुछ काला जरुर है| पीड़ित पक्ष का आरोप लगाया की पुलिस आरोपियों के घर शराब और मांस की दावत उड़ाती है| लिहाजा उनकी व ग्राम प्रधान की मिली भगत से आरोपियों के हौसले यहाँ तक पंहुचे |
करंट से भैस की मौत से पनपा संघर्ष
गाँव के ही आरोपी नें बीते 5 जुलाई के दिन कटिया से बिजली सप्लाई चालू की| जिसके करंट से ब्रजनदंन की भैस के करंट लग गया और उसकी मौत हो गयी थी| जिसको लेकर कहा-सुनी हुई थी| मृतक के पुत्र त्रिपुरारी के अनुसार 19 जुलाई को भी आरोपियों नें हमला किया था|
क्या बोले जिम्मेदार
सीओ सिटी प्रदीप कुमार नें बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर मुकदमा दर्ज किया जायेगा| आरोपी जल्द सलाखों के पीछे होंगे|