पुलिस कर्मियों से मारपीट कर बर्दी फाड़ने में आठ फंसे, तीन गिरफ्तार

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(कंपिल संवाददाता) बिसारीदेवी मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं से गेट के बाहर गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में सिपाही ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें मारपीट कर बर्दी फाड़ने व पथराव करने का आरोप लगाया है। मारपीट में एक सिपाही का हाथ फैक्चर हो गया है। पुलिस कर्मियों ने तीन लोगों को मौके पर पकड़ लिया था, अन्य लोग फरार हो गए थे।
सिपाही अनुराग ने मैनपुरी जिले के थाना भोगांव के निजामपुर निवासी गौरव राजपूत, सौरभ राजपूत, विवेक राजपूत व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा कि 10 जून को उसकी बिसारीदेवी संकिसा गार्द में शाम को ड्यूटी लगी थी। उसके साथ गार्द में अन्य पुलिस कर्मी भी लगे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे बिसारीदेवी परिसर में एक ट्रैक्टर ट्राली, दो कार से करीब 30-40 लोग आए। इसमें पुरुष के साथ महिलाएं भी थी। उन लोगों ने मैन गेट के अंदर वाहनों को खड़ा कर दिया था। यह देखकर वह मौके पर गया और मैन गेट से बाहर वाहन खड़े कर छोटे गेट से दर्शन के लिए जाने के लिए कहा। इससे वह लोग नाराज हो गए और गाली गलौज करने लगे। तीन लोगों ने उसको पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। यह देखकर गार्द में लगे अन्य पुलिस कर्मी बचाने आए। जिसको देखकर पांच-छह अन्य लोग आ गए और उनके साथ भी मारपीट करने लगे। इस मारपीट में उसकी बर्दी को फाड़ दिया। पथराव करने से वहां भगदड़ मच गई। सिपाही गजेंद्र सिंह का हाथ मारपीट में फैक्चर हो गया। अन्य लोगों के सहयोग से गौरव राजपूत, सौरभ राजपूत व विवेक राजपूत को मौके पर पकड़ लिया। अन्य लोग जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। मेरापुर थानाध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने बताया कि पकड़े गए गौरव राजपूत, सौरभ राजपूत व विवेक राजपूत को गिरफ्तार कर लिया गया है।