लोक अदालत में निपटे 2.24 लाख मुकदमे

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में दीवानी न्यायालय परिसर में रविवार को आयोजित हुई राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह समझौता के आधार पर 2 लाख 24 हजार 368 मुकदमों का निस्तारण किया गया। इसमें 16 दंपतियों का भी लंबे समय से चल रहा विवाद भी समाप्त हो गया। वह साथ-साथ रहने को तैयार हो गए और पत्नी को लेकर पति घर गया।
दीवानी न्यायालय परिसर फतेहगढ़ में जिला जज अश्विनी कुमार त्रिपाठी ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित और दीप प्रज्जवलित कर राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ किया। इसमें विभिन्न बैंक, विद्युत विभाग, नगर पालिका परिषद व अन्य प्रशासनिक विभागों की ओर से अपने-अपने स्टाल लगाए गए। जहां पक्षकारों के समक्ष उनकी सहमति के आधार पर सुलह समझौता के आधार पर मुकदमों का निस्तारण किया गया। जिला जज ने डीएम संजय कुमार सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा व अन्य अफसरों के साथ स्टालों का निरीक्षण कर मुकदमे के निस्तारण के संबंध में जानकारी की। बैंक वसूली से संबंधित 441 मामलों का निस्तारण किया गया। जिनसे 4 करोड़ 44 लाख 95 हजार रुपये बैंकों ने वसूल की। बिजली के 55123 मामलों का निस्तारण किया गया। कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश आलोक कुमार पारासर और अपर प्रधान न्यायाधीश शैली राय ने पारिवारिक/वैवाहिक के 86 मामलों का निस्तारण किया। इसमें 16 ऐसे मामले निस्तारित हुए, जिनमें दंपति साथ-साथ रहने के लिए तैयार हो गए। प्रधान न्यायाधीश ने साथ-साथ रहने के लिए तैयार हुए दंपति को मिठाई खिलाई और खुशी के साथ जीवन व्यतीत करने के लिए साथ-साथ घर भेजा। पीठासीन अधिकारी मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम बृजेंद्र कुमार त्यागी ने 129 मुकदमो का निस्तारण किया। इससे 1 करोड़ 93 लाख 81 हजार रुपये पीड़ितों को दिलाई गई। जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष नरेश कुमार ने 51 मामलों का निस्तारण किया। राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों, विभागों द्वारा अलग-अलक मामले चिह्नित कर निसतारित किए गए। डीएम ने भी मुकदमों का निस्तारण किया। राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 2 लाख 55 हजार 811 मामले लगाए गए थे। जिसमें से 2 लाख 24 हजार 368 मामलों का सुलह समझौता के आधार पर निस्तारण किया गया। इनसे कुल 8 करोड़ 64 लाख 68 हजार 619 रुपये जमा कराई गई है। इस दौरान अपर जिला जज प्रथम विष्णु चंद्र वैश्य, महेंद्र सिंह, राकेश कुमार सिंह, सुमित प्रेमी, सीजेएम प्रवीन कुमार त्यागी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।