दोस्तों के साथ गंगा नहा रहे युवक की डूबने से मौत

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) पांचालघाट पर दोस्तों के साथ गंगा नहाते समय युवक गहरे पानी में जाने से डूब गया। उसको डूबता देखकर दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को गंगा में उतारा। गोताखोरों ने दो घंटे बाद शव को गंगा से बाहर निकाल लिया। युवक बिजनौर का रहने वाला था। उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी गईहै।
जिला व थाना बिजनौर के गांव धामपुर निवासी यूनिस का 22 वर्षीय पुत्र गुलबहार खानपुर में एक किराये के मकान में रहता था। वहं पर एक कंपनी की ब्रांच में सेल्समैन का काम करता था। शनिवार दोपहर 12 बजे वह दोस्तों के साथ पांचालघाट गंगा स्नान करने गया। गंगा नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया। इससे वह डूब गया। उसको डूबता हुआ दोस्तों ने देख लिया और बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोस्तों को सफलता नहीं मिली। दोस्तों ने पांचालघाट चौकी प्रभारी को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को गंगा में उतारा। गोताखोरों ने दो घंटे की मशक्कत कर गुलबहार का शव गंगा से बाहर निकाल लिया। घटना की जानकारी पर मामा का लड़का साजिद मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया। साजिद ने घटना की जानकारी परिवार वालों को दी है। कादरीगेट थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि युवक के परिजनों को सूचना भेज दी गई है।