प्रदेश में गर्मी का सितम जारी,पारा 40 ड‍िग्री के पार

FARRUKHABAD NEWS LUCKNOW सामाजिक

लखनऊ:सूरज की तपन से प्रदेश में गर्मी का सितम देखने को मिल रहा है, दिनभर चल रही तेज हवा का असर भी दिख रहा है। बुधवार को लखनऊ के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगभग एक डिग्री की बढ़त दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी।आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एम दानिश ने बताया कि 17 अप्रैल तक मौसम में किसी तरह के बदलाव होने के संकेत नहीं है। प्रदेश भर में आसमान साफ रहेगा और अगले दो दिनों तक 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा दिन के समय चल सकती है। हालांकि इस दौरान तेज धूप से तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। पश्चिमी विक्षोभ अगले सप्ताह सक्रिय हो रहा है जिसका असर 18 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में देखने को मिल सकता है।इस दौरान उन जिलों में छिटपुट बारिश दर्ज हो सकती है।बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी जारी है। सर्वाधिक तापमान प्रयागराज और चुर्क में 41.2 डिग्री सेल्सियस और सुल्तानपुर में 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं ज्यादातर जिलों में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक ही दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी है। सबसे कम तापमान नजीबाबाद में 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। तेज हवा दिन के समय चलने के आसार हैं। वहीं,लखनऊ और आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो सकता है।