अधिवक्ता को पकड़नें पर पुलिस से धक्कामुक्की

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) दुष्कर्म के मुकदमे में वारंट होने पर कलक्ट्रेट गेट पर आरोपी अधिवक्ता को पुलिस ने पकड़ लिया। वकील ने पुलिस कर्मियों के साथ धक्कामुक्की कर दी। यह देखकर वहां वकीलों की भीड़ लग गई। पुलिस से छुड़ाकर आरोपी वकील कचहरी चला गया और खुद का वारंट पर आत्म समर्पण कर दिया। उसको न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया गया है।
नई दिल्ली के महावीर इंकलेव पालमा पावर हाउस निकट निवासी अधिवक्ता प्रशांत सक्सेना के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी उसकी भाभी ने 2018 में दुष्कर्म व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें आरोप लगाया कि उसके पति की 29 अप्रैल 2017 को मौत हो गई थी। देवर प्रशांत सक्सेना ने उससे कहा कि वह परेशान न हो, वह उसका पूरा ख्याल रखेगा। बहाने बाजी कर देवर ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया, लेकिन इसमें वह सफल नहीं हुआ। इससे वह मायके चली आई। 9 जुलाई 2018 को देवर घर आया और जीवन भर साथ रखने का वादा करने लगा। साथ रहने के लिए परिवार के लोगों की अनुमति लेने की बात कहीं। उसी समय देवर ने कमरे की कुंडी बंद कर उसको कुछ सुघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। देवर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर देखा की देवर उसके साथ चारपाई पर सो रहा था। इस मुकदमे में आरोपी प्रशांत सक्सेना के खिलाफ कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट चल रहे थे। शुक्रवार को वह कचहरी फतेहगढ़ में किसी अन्य मुकदमे की तारीख करने आया था।। इसकी जानकारी मिलने पर कमालगंज थाना पुलिस ने कलेक्ट्रेट के बाहर उसकी घेराबंद कर ली। कलक्ट्रेट से बाहर निकलते ही पुलिस ने उसको पकड़ लिया। उसने पुलिस कर्मियों से हाथापाई और धक्का मुक्की करनी शुरू कर दी। वकील के साथ धक्कामुक्की होती देखकर वहां वकीलों की भीड़ लग गई। दोनों लोगों को अलग कर दिया गया। आरोपी प्रशांत सक्सेना वहां से चला गया। फतेहगढ़ कोतवाल सचिन कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी वकील ने वारंट पर कोर्ट में समर्पण कर दिया है। उसको जेल भेज दिया गया है।