तिरंगे के साथ दिखा सेल्फी का क्रेज,वेबसाइट पर अपलोड हुई 6 करोड़ से ज्यादा सेल्फी

FARRUKHABAD NEWS LUCKNOW Narendra Modi Politics UP NEWS जिला प्रशासन राष्ट्रीय सामाजिक

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आजादी के अमृत महोत्सव पर पीएम नरेन्द्र मोदी द्वारा सभी देशवासियों को घर पर तिरंगा लगाने का आह्वान किया गया था। पीएम ने हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की जिसमें देशवासियों ने जमकर हिस्सा लिया।

इसका सबूत यह है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की वेबसाइट पर अब तक 6 करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्फी अपलोड की जा चुकी हैं। संस्कृति मंत्रालय ने इसे शानदार उपलब्धि करार दिया|प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी साल 22 जुलाई को घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर या लगाकर हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने का आह्वान किया था।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह एक शानदार उपलब्धि है,’हर घर तिरंगा’ वेबसाइट पर 6 करोड़ से अधिक ‘तिरंगा’ सेल्फी अपलोड की गई हैं।

बता दें कि आजादी का अमृत महोत्सव के लिए नोडल मंत्रालय द्वारा संचालित यह सरकार की ‘हर घर तिरंगा’ पहल थी जो काफी सफल भी हुई है।

 इस पहल के पीछे लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाना और तिरंगे के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना था। हर जगह भारतीयों से अनुरोध किया गया था

कि वे आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान राष्ट्र निर्माण के लिए प्रतिबद्धता के रूप में अपने घर या अपने कार्यस्थल पर राष्ट्रीय ध्वज लगाएं।

इससे पहले भारतीय नागरिकों को चुनिंदा अवसरों को छोड़कर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अनुमति नहीं थी। यह कानून उद्योगपति नवीन जिंदल द्वारा एक दशक की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद बदल गया।

23 जनवरी 2004 के सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले में घोषित किया गया कि राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान और गरिमा के साथ स्वतंत्र रूप से फहराने का अधिकार एक भारतीय नागरिक का मौलिक अधिकार है।

 हर घर तिरंगा अभियान के लिए केंद्र और पीएम मोदी की सराहना करते हुए नवीन जिंदल ने प्रत्येक भारतीय से ‘हर दिन तिरंगा’ को अपना आदर्श बनाने की अपील की थी|