ई-रिक्शा में बैठे गुटखा कम्पनी कर्मी की काटी जेब, सीसीटीवी में कैद हुये आरोपी

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) ट्रेन से उतरकर ई-रिक्शा से घर जा रहे गुटखा कम्पनी में कार्यरत युवक की टप्पेबाजों नें जेब काट कर हजारों रूपये की नकदी साफ कर दी| इसके बाद अपाचे पर सबार होकर फरार हो गये| घटना की सूचना पुलिस को दी गयी पुलिस सीसीटीवी के माध्यम से आरोपियों तक पंहुचने की जुगत लगा रही है|
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महादेव प्रसाद गली कुचिया निवासी आशीष मोहन दीक्षित एक गुटखा फैक्ट्री में कार्य करता है| आशीष का कानपुर में भी एक मकान है| वह अपनी माँ सरोज दीक्षित के साथ कानपुर गया था| वहां से वह ट्रेन से मंगलवार दोपहर 1:30 बजे वह फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर उतरा| उसके बाद ई-रिक्शा से अपने घर के लिये निकले| आशीष ने बताया कि दो लोग और ई-रिक्शा में बैठ गये| उन्होंने आशीष की पेंट की जेब काट दी| उनकी जेब में रखे 20700 रूपये निकाल लिये| लेकिन आशीष जब तक समझ पाये तब तक दोनों टप्पेबाज ई-रिक्शा से कूदकर फरार हो गये| आशीष नें उनका पीछा भी किया लेकिन वह हाथ नही लगे| जिसके बाद पुलिस मौके पर पंहुची और छानबीन की| पल्ला चौकी इंचार्ज उदयवीर नें आस-पास के सीसीटीवी कैमरे चेक किये | रेलवे रोड़ स्थित दुकान में लगे सीसीटीवी में आरोपी कैद हो गये| चौकी प्रभारी उदयवीर ने बताया कि छानबीन की जा रही है|