पूर्व प्रधान सहित दो की मार्ग दुर्घटना में मौत

ACCIDENT CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता)शुक्रवार को गंगा घाट से अंतिम संस्कार में शामिल होकर घर वापस लौट रहे बाइक चालकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी| जिससे एक की मौके पर मौत हो गयी| दूसरे गंभीर रूप से घायल पूर्व प्रधान को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया| कुछ देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया|
थाना क्षेत्र के ग्राम बासमई निवासी पूर्व प्रधान रघुवीर सिंह पुत्र नत्थू लाल जाटव अपने साथी महेश चंद्र के साथ शमशाबाद के गंगा घाट पर गाँव की ही एक महिला के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आये थे। जहां से वह वापस अपनी बाइक से आ रहे थे। तभी गांव जानकीपुर मार्ग के निकट एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मारी, जिसमें महेश चंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। पूर्व प्रधान रघुवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये| राहगीरों ने थाना पुलिस को सूचना दी| सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह व दरोगा दीपक कुमार  दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से तड़प रहे घायल पूर्व प्रधान रघुवीर सिंह को अपने सरकारी गाड़ी में लिटा कर सीएससी नवाबगंज लाये जहां चिकित्सक हरी माधव सिंह ने पूर्व प्रधान रघुवीर सिंह को प्राथमिक उपचार देकर गंभीर अवस्था में लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल में पूर्व प्रधान को भर्ती किया गया जहाँ कुछ देर चले उपचार के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया गया|  परिजनों में चीख-पुकार मच गई । पुलिस जाँच कर रही है|