भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल,यूपी में पारा 45 के पार

LUCKNOW UP NEWS

लखनऊ:भीषण गर्मी  से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। प्रदेश में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिन लोगों को ऐसी ही भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा उत्तर  भारत को झुलसाती गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं। शुक्रवार को सबसे ज्यादा तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में 47.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रयागराज 46.8 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा तो राजधानी दिल्ली का स्पो‌र्ट्स कांप्लेक्स 46.4 डिग्री सेल्सियस के साथ देश में तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। राजस्थान के श्रीगंगानगर का तापमान भी 46.4 डिग्री सेल्सियस रहा।मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में एक मई तक लू का प्रभाव और बढ़ेगा। इस वजह से पंजाब के कई जिलों में दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। दो व तीन मई को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसकी वजह से धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना है। हिमाचल प्रदेश में मौसम में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुसार एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। उत्तराखंड में गर्मी बेहाल करने वाली है। मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन दिन पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान जताया है। इस दौरान मैदानों में तेज हवा चलने की आशंका है।