एक्जिट पोल: उत्तर-प्रदेश में भाजपा निकल रही आगे, पढ़े किस सूबे में किसकी बढत

LUCKNOW Politics Politics- Sapaa Politics-BJP Politics-BSP Politics-CONG.

नई दिल्‍ली: विभिन्‍न एजेंसियों की ओर से पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के एक्जिट पोल के अनुमान सामने आ रहे हैं। भले ही विधानसभा चुनावों की मतगणना 10 मार्च को होगी और असल नतीजे सामने आएंगे लेकिन किस राज्‍य में किसकी सरकार बन सकती है एक्जिट पोल से एक धुंधली तस्‍वीर सामने आती है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का अनुमान है। यूपी, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में किन दलों की सरकार बन सकती हैं। जानें क्‍या कहते हैं एक्जिट पोल के अनुमान…
यूपी में बन सकती है भाजपा की सरकार
टाइम्‍स नाऊ के एक्जिट पोल के मुताबिक यूपी में भाजपा की सरकार बन सकती है। यूपी में भाजपा को 225 जबकि सपा को 151 सीटें मिलने का अनुमान है।
मणिपुर में भी भाजपा सरकार
जी न्यूज के एग्जिट पोल के अनुसार मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा फिर सत्ता में वापसी कर सकती है। भाजपा को 32 से 38 सीटें, कांग्रेस को 12 से 17 जबकि एनपीएफ को तीन से पांच सीटें मिल सकती हैं। अन्य के खाते में दो से पांच सीटें जाने का अनुमान है। वहीं इंडिया टुडे- एक्सिस माय इंडिया के एक्जिट पोल के मुताबिक मणिपुर में भाजपा को 33-43, कांग्रेस को 04-08, एनपीपी को 04-08 जबकि अन्‍य को 06-15 सीटें मिल सकती हैं।
गोवा में फ‍िर भाजपा की सरकार
इंडिया टीवी सीएनएक्स के एग्जिट पोल के मुताबिक गोवा में भाजपा को 16 से 22 सीटें जबकि कांग्रेस को 11 से 17 सीटें मिलने का अनुमान है। गोवा में आम आदमी पार्टी को 0 से 2 सीटें मिल सकती हैं। जी न्यूज के एग्जिट पोल के अनुसार गोवा में भाजपा को 13 से 18, कांग्रेस को 14 से 19 आप को एक से तीन जबकि अन्‍य के खाते में दो से पांच सीटें जाने का अनुमान है। वहीं टाइम्‍स नाऊ के एक्जिट पोल के मुताबिक गोवा में भाजपा को 14, कांग्रेस को 16, आप को चार जबकि अन्‍य के खाते में छह सीटें जा सकती हैं। इंडिया टुडे- एक्सिस माय इंडिया के एक्जिट पोल के मुताबिक गोवा में भाजपा को 14-18, कांग्रेस को 15-20, एमजीपी को दो से पांच जबकि अन्‍य को शून्‍य से 04 सीटें मिल सकती हैं।
उत्‍तराखंड में किसे कितनी सीटें
एबीपी सी-वोटर एग्जिट पोल के अनुसार उत्‍तराखंड में कांग्रेस को 32-38 सीटें मिलने का अनुमान है जबकि भाजपा को 26-32 सीटें मिल सकती हैं। वहीं इंडिया टीवी सीएनएस के एग्जिट पोल के मुताबिक उत्तराखंड में कांग्रेस को 37 से 41 सीटें, भाजपा को 25-29 जबकि अन्य के खाते में दो से चार सीटें जानें का अनुमान है। इंडिया टुडे- एक्सिस माय इंडिया के एक्जिट पोल के मुताबिक उत्‍तराखंड में भाजपा को 36-46, कांग्रेस को 20-30, बसपा को 02-04 जबकि अन्‍य के खाते में 02 से 05 सीटें मिलने का अनुमान है।
पंजाब में ‘आप’ की सरकार
इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से आप को 76 से 90 सीटें, कांग्रेस को 19 से 31 जबकि भाजपा को एक से चार सीटें मिलने का अनुमान है। अकाली दल सात से 11 सीटों पर सिमटता दिख रहा है। वहीं एक्सिस वहीं एबीपी के एक्जिट पोल के मुताबिक भाजपा को 07-13, कांग्रेस को 22-28, आप को 51-61, अकाली दल को 20-26 जबकि 01-05 सीटें अन्‍य के खाते में जा सकती हैं। टाइम्‍स नाऊ के एक्जिट पोल के मुताबिक पंजाब में कांग्रेस को 22, आप को 70, शिअद को 19, भाजपा को पांच जबकि एक सीट अन्‍य के खाते में जा सकती है।
राज्‍यों में क्‍या बन रहे आसार
उत्‍तर प्रदेश में अंतिम चरण का मतदान खत्म होने के साथ ही नजरें Exit Polls 2022 के आंकड़ोंं पर हैं। चुनावी विश्‍लेषकों की मानें तो मणिपुर में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है जबकि गोवा में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बन रहे हैं। उत्तराखंड में भी भाजपा और कांग्रेस आमने सामने हैं। पंजाब के चुनावी मुकाबले में आम आदमी पार्टी की ओर से कड़ी चुनौती पेश किए जाने के आसार बन रहे हैं। यूपी में कई सीटों पर भाजपा को सपा की ओर से कड़ी चुनौती मिलने की संभावना है।
एक्जिट पोल कितने सही
बड़ा सवाल यह कि एक्जिट पोल कितने सही होते हैं। पिछले पश्चिम बंगाल चुनाव में अधिकांश एग्जिट पोल में भाजपा को 100 से ज्यादा सीटें मिलने का अनुमान जताया गया लेकिन उसे 77 सीटें ही मिलीं। बिहार विधानसभा चुनावों में ज्‍यादातर एग्जिट पोल में राजद और कांग्रेस गठबंधन को तरजीह दी लेकिन नतीजे उलट आए। इसी तरह हरियाणा और महाराष्‍ट्र में भी अधिकांश एग्जिट पोल सही नहीं निकले। हालांकि दिल्‍ली विधानसभा चुनावों में अधिकांश एग्जिट पोल चुनाव नतीजों के करीब नजर आए।
यूपी बेहद खास, योगी फ‍िर होंगे काबिज या लौटेंगे अखिलेश
यूपी में सभी दलों के अपने अपने दावे हैं। सियासी दिग्‍गजों ने चुनाव प्रचार के दौरान कई सीटों पर मुख्‍य मुकाबला सभा और भाजपा गठबंधन के बीच होने की बातें कही थी। ऐसे में नजरें इस बात पर होंगी कि क्‍या योगी आदित्‍यनाथ मुख्‍यमंत्री की कुर्सी पर बनें रहेंगे या पांच साल बाद अखिलेश यादव की फिर सत्‍ता में वापसी होगी। वैसे अखिलेश यादव और योगी आदित्‍यनाथ  ने अपनी अपनी जीत के दावे किए हैं।
चार राज्‍यों में है भाजपा की सरकारें
मालूम हो कि यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में 10 फरवरी से विधानसभा चुनावों के लिए मतदान शुरू हुए थे। पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में एक चरण में जबकि मणिपुर में दो और उत्‍तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान हुआ। मौजूदा वक्‍त में राज्‍यों में सरकारों की बात करें तो यूपी और उत्‍तराखंड, गोवा और मणिपुर में भाजपा अगुवाई वाली सरकारें हैं। वहीं पंजाब में कांग्रेस की सरकार है।