बीजेपी सरकार में किसान, मजदूर, व्यापारी, नौजवान, महिला बेहाल: नरेश उत्तम पटेल

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics- Sapaa सामाजिक

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। महंगाई से सब परेशान हैं। महंगाई तो बढ़ रही है, लेकिन किसानों की आमदनी नहीं बढ़ी। भाजपा जो कहती है, वो नहीं करती। अखिलेश यादव की कथनी-करनी में अंतर नहीं है। अब जनता भाजपा का परास्त कर सपा की सरकार बनाएगी। सपा की सरकार बनेगी तो तीन महीने के भीतर विकास दिखेगा|
शहर के मसेनी चौराहे के निकट पांचाल घाट मार्ग पर एक गेस्ट हाउस में पंहुचे नौजवान, किसान, पटेल यात्रा का नेतृत्व कर रहे सपा प्रदेश अध्यक्ष ने  जनसभा को संबोधित किया। कहा, भाजपा ने किसानों और नौजवानों के लिए बड़ी-बड़ी घोषणाएं की थीं। किसानों की आय दोगुना करने और नौजवानों को प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया। लेकिन, एक भी वादा पूरा न कर पाई। बाबा भीमराव आंबेडकर के संविधान और सरदार पटेल के त्याग-बलिदान को बचाने के लिए लोकतंत्र से भाजपा का खात्मा जरूरी है। प्रदेश की जनता अखिलेश की सरकार बनाकर भाजपा को परास्त करेगी। जिस तरह बंगाल के चुनाव में भाजपा हारी थी|
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महंगाई के चलते लोगों का जीवन यापन कठिन हो गया है। किसानों व मजदूरों से झूठे वादे करके भाजपा सत्ता में आई और अब उन्हें गुमराह कर रही है। बेरोजगारी व किसान आंदोलन के मुद्दे पर सरकार चुप्पी साधे हुए है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस मूल्य वृद्धि को लेकर भी भाजपा पर तंज कसा। कहा कि झूठ बोलना भाजपा की फितरत है, किसानों की आय दोगुनी करने का वादा कर कृषि कानूनों के माध्यम से उनके खेत खलिहान पूजीपतियों को बंधक बना देना चाहती है। उन्होंने कहा कि रोजगार के अभाव में आम आदमी का जीवन जीना मुहाल हो गया है। केंद्र व प्रदेश सरकार नियुक्तियां कम विज्ञापन ज्यादा कर रही हैं। बेरोजगार बच्चों को परेशान करने के लिए परीक्षा केंद्रों का निर्धारण मनमाने तरीके से एक कोने से दूसरे कोने को किया जा रहा है। दाल, सरसों का तेल आम रसोई से गायब हो रही है। बचत घटी, खपत घटी, उपयोग स्तर गिराकर सरकार कहती है कि लोगों का जीवन और सुधर रहा है।
मंच पर भड़के सपा जिलाध्यक्ष
दोपहर दो बजे होनें वाले कार्यक्रम में काफी विलम्ब से पंहुचे प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम में उनके सामने बोलनें वालों की होड़ लगी थी| निवर्तमान महानगर अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल यादव, तहसीन सिद्दीकी, करन सिंह, राजकुमार सिंह राठौर, सयुस के राष्ट्रीय सचिव विवेक यादव आदि नें अपना उद्बोधन दिया| उसी समय सपा नेता मनोज मिश्रा द्वारा कुछ लोगों को पार्टी में शामिल करनें के बाद उनके नाम मंच से पढनें थे लिहाजा सपा जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुखी नें पूर्व में ही नाम पढ़ दिये| जिसके बाद सुबोध यादव फिर से सूची लेकर नाम पढने लगे| जिस पर मंच से नीचे बैठे जिलाध्यक्ष नदीम अहमद नें आपत्ति कर दी| उन्होंने कहा कि हमनेअपना समय प्रदेश अध्यक्ष को दिया है तो फिर अनावश्यक समय बर्बाद क्यों किया जा रहा है| उन्होंने मंच पर आकर कड़ी आपत्ति दर्ज करायी| संचालन कर रहे मुन्ना यादव नें जिलाध्यक्ष की आपत्ति को त्रुटीपूर्ण बताया | उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष की अनुमति से ही बोलनें की सहमति दी थी| बाद में डॉ०अरविन्द गुप्ता नें माइक से प्रदेश अध्यक्ष का आवाहन कर दिया| जिसके बाद मामला शांत हुआ|  जिला महा सचिव मंदीप यादव, वरिष्ठ सपा नेता महेंद्र सिंह कटियार, दमयन्ती सिंह, डॉ० जितेन्द्र यादव, डॉ० अनार सिंह यादव,युनूस अंसारी, पुष्पेन्द्र यादव, सयुस के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेन्द्र यादव, शाशंक सक्सेना, बंटी यादव आदि रहे |
अटेवा नें प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
अटेवा पेंशन बचाओं मंच के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह जाटव नें सपा प्रदेश अध्यक्ष को अपने साथियों के साथ ज्ञापन सौंपा| जिसमे पुरानी पेंशन बहाल करनें की मांग की गयी |ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, सुनील कुमार, विकास पाण्डेय, अमित यादव, अनुराग गंगवार आदि रहे|