ब्राह्मणों की चुन-चुन कर हत्या करा रही यूपी सरकार : सतीश मिश्रा

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics- Sapaa Politics-BJP Politics-BSP

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विधान सभा चुनाव को लेकर सभी दल सक्रिय हो चले हैं।  बहुजन समाज पार्टी ने सोमवार को नगर के बढ़पुर स्थित एक गेस्ट हाउस में प्रबुद्ध वर्ग विचार संगोष्ठी का आयोजन कर भाजपा और सपा पर जमकर निशाना साधा। मुख्य अतिथि बसपा के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र मिश्र ने संबोधित करते हुए कहा कि दोनों दलों ने ब्राह्मणों को ठगने का काम किया है। भाजपा श्रीराम के नाम पर ठेकेदारी कर रही है। रामलला के मंदिर निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपये बटोरे गए। उनका प्रयोग मंदिर निर्माण में कम, पार्टी में ज्यादा किया जाएगा। कहा कि सत्ता में आते ही भाजपा ने ब्राह्मणों का भेड़ बकरियों की तरह उत्पीड़न किया है। उत्तर प्रदेश में चुन-चुनकर ब्राह्मणों की हत्या की गई है।
प्रदेश में बसपा की सरकार बनी तो बिकरू कांड की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए 23 जुलाई को अयोध्या में श्रीराम के दर्शन कर इसकी शुरुआत की है।  प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा का असली चेहरा दिखाने के बाद ही विश्राम करेंगे। भाजपा ने राम के नाम पर धन और वोट जुटाया, लेकिन न तो राम का मंदिर बनवाया और न ही जनता को कुछ दिया। राम के नाम पर जुटाए गए करोड़ों रुपये का बंदरबांट किया। उन्होंने कहा कि आयोध्या राम मन्दिर मामले पर जब सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया तो सबसे जादा दुःख भाजपा को ही हुआ| क्योंकि उनका मुद्दा खत्म हो गया|
उन्होंने हाथरस कांड और बिकरू कांड पर भाजपा को निशाने पर लिया। मिश्रा ने कहा कि जिनसे भाजपा यह काम करा रही है, उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है। कृषि कानूनों से किसान आत्महत्या करने पर मजबूर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि  सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय को अपनाकर आगे बढ़ें। ब्राह्मण समाज के लोगों को जागरूक कर 2022 में बहन जी की सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में भी अपराध बढ़े और महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं। जब बहन जी की सरकार थी, तब रात दो बजे भी महिलाएं घर से निकला करतीं थीं।
उन्होंने कहा कि यूपी में ब्राह्मण समाज की एकजुटता की वजह से 2007 में बीएसपी की सरकार बनी। बसपा ने 35 ब्राह्मणों को मंत्री बनाया था। 15 ब्राह्मणों को एमएलसी बनाया था, लेकिन उसके बाद ब्राह्मण समाज उपेक्षित हो गया। इसका कारण ब्राह्मण समाज का बिखराव है। इस पर ब्राह्मणों को मंथन करना होगा। प्रदेश में हम 16 प्रतिशत है। तीन करोड़ होने के बाद भी हमारी ऐसी दशा है। हम एकजुट नहीं है। खुद को केवल ब्राह्मण मानिए तो आप बड़ी शक्ति बन जाएंगे। 23 प्रतिशत दलित भाइयों के साथ भाईचारा बनाएं। हम 39 प्रतिशत होने के बाद हर विधानसभा क्षेत्र में भारी पड़ेंगे, जैसे 2007 में भारी पड़े थे। कहा कि 2007 में 45 ब्राह्मण समाज के प्रत्याशी चुनाव जीत कर आए थे। उस इतिहास को दोबारा दोहराना है।
बसपा महासचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपाइयों के गुंडाराज से जंगलराज कायम हो गया है। महिला उत्पीड़न की घटनाओं में वृद्धि से हर तरह खौफ है। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के ब्राह्मण प्रेम को भी छलावा बताया। कहा कि हम ब्राह्मणों को याद दिला दें कि सपा शासन काल में ही कन्नौज में नीरज मिश्र का सिर काटकर लखनऊ मंगाया गया था। इस दौरान  पूर्व मंत्री नकुल दुबे, कार्यक्रम संयोजक देवेश तिवारी, सह संयोजक सोनू मिश्रा, अरुण मिश्रा बंटी, मुनीश चंद मिश्रा आदि रहे| संचालन अंजुम दुबे नें किया|