भारत के लोकतंत्र की छवि पर काला धब्बा रहेगा आपातकाल

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics-BJP

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आपातकाल की 46वीं वरसी पर लोकतंत्र सेनानियों को पटका व माला पहनाकर भाजपा नें सम्मानित किया गया| इसके साथ ही दो मिनट का मौन रखकर शहीद हुए लोकतंत्र सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गयी|
नगर के आवास विकास  स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष रुपेश गुप्ता की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया| जिसमे जनपद के विभिन्न कार्यकर्ताओं को वर्चुअल संवाद के माध्यम से भी जोड़ा गया। इसके साथ ही आपातकाल के लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित कर शहीद सेनानियों को भी याद किया गया|
भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने कहा 25 जून 1975 भारतीय लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा काला दिन था, जिस दिन तत्कालीन एक निरंकुश व अहंकारी सरकार ने सत्ता सुख के लिए देश को आपातकाल के दौर में डाल दिया। देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए हजारों लोकतांत्रिक सेनानियों ने प्राणों की आहुति दी। तत्कालीन सत्तारूढ़ दल कांग्रेस ने एक परिवार के हित के लिए देश को खतरे में डाल दिया। जिसकी भाजपा भरसक निंदा करती है। आपातकाल के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं अटल बिहारी वाजपेई लालकृष्ण आडवाणी जॉर्ज फर्नांडिस जैसे नेताओं को जेल में डाला गया। भारतीय जनता पार्टी संगठन के माध्यम से ऐसे सभी लोकतांत्रिक सेनानियों को सम्मानित करती रहेगी जिन्होंने देश की रक्षा के लिए एक अहंकारी सरकार के आगे घुटने नहीं टेके।
पूर्व जिला उपाध्यक्ष डॉ प्रभात अवस्थी ने कहा आपातकाल देश के इतिहास का सबसे बड़ा काला अध्याय था। एक परिवार की सत्ता की लालसा ने देश पर आपातकाल थोपा। रातों-रात देश को कैद खाने में तब्दील कर दिया गया। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश पर आपातकाल लगाकर पूरे तंत्र को कुचल कर रख दिया लोगों की आजादी छीन ली गई लेकिन देश की जनता ने ऐसी निरंकुश और अहंकारी सरकार के खिलाफ जनादेश देकर लोकतंत्र की रक्षा की। लोकतंत्र सेनानी जगदीश चंद्र पांडे ने कहा भारत का लोकतंत्र विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है लेकिन एक पार्टी और परिवार ने देश हित को दरकिनार करते हुए पूरे विश्व में बनी भारत के लोकतंत्र की छवि पर काला धब्बा लगा दिया। नई पीढ़ियों को इससे सही सीख लेनी चाहिए।
15 लोकतंत्र सेनानियों को किया सम्मानित
भाजपा नें 15 लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया गया। जिसमें जगदीश चंद्र पांडे, विजय वर्मा, अवनीश कटियार,राकेश कुमार सक्सेना,चंद्रशेखर वर्मा,अंगने लाल श्रीवास्तव,रामलक्ष्मी कटिहार,चंद्रपाल वर्मा,दरबारी लाल दुबे,कैलाश चंद्र गंगवार,सुरेश चंद्र,अरुण प्रकाश कटियार,सतीश चंद्र कटियार,वीरेंद्र कटियार,चंद्रशेखर कटियार एवं मझिले सिंह को सम्मानित किया गया।
सांसद मुकेश राजपूत, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, उत्तर प्रदेश अनुसूचित आयोग सदस्य रामाआसरे, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार,जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, डाॅ० भूदेव सिंह राजपूत, संजीव गुप्ता, शिवांग रस्तोगी, पूर्व सभासद विद्यानंद आर्य,नगर पूर्वी मंडल अध्यक्ष राजकुमार वर्मा, जिला मंत्री नवनीत पाल, सांसद प्रतिनिधि अनूप मिश्रा आदि रहे|