व्यापार मंडल साधेगा पालिका के लाल निशानों पर निशाना

FARRUKHABAD NEWS POLICE जिला प्रशासन

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) जिला प्रशासन द्वारा बाजार के अतिक्रमण पर हाथ रखते ही व्यापारियों में हलचल तेज है| दो बार अतिक्रमण को लेकर होनें वाली बैठक निरस्त हो चुकी है| यदि सबकुछ ठीक रहा तो शनिवार को अधिकारियों और व्यापारियों में वार्ता होगी| लेकिन जेएनआई नें जब व्यापारियों से इस सम्बन्ध में वार्ता की तो उनका रवैया आक्रमक दिखा| पढ़े किसने क्या कहा!
व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष इकलाख खां नें बताया कि कोरोना काल में व्यापारी पहले से ही आहत है| जिला प्रशासन को चाहिए कि केबल नाली के ऊपर से अतिक्रमण हटाया जाये| जो लाल क्रास पालिका नें लगाये है वह वह गलत है| व्यापार मंडल इसका विरोध करेगा| यदि तीन मंजिल भवन बने है उनका नक्शा पूर्व में क्यों पास किया गया| बैठक में व्यापार मंडल अपनी बात रखेगा|
उत्तर प्रदेश उद्योग प्रतिनधि मंडल के जिलाध्यक्ष राजीव अग्रवाल नें बताया कि अधिकारियों को व्यापारियों के साथ बैठक कर सकारात्मक निर्णय निकाला जाए| जाम के लिए चार पहिया गाड़ी बाजार में प्रवेश ना करें|अतिक्रमण का फैसला एक बार में हो बार बार करके व्यापारियों को परेशान ना किया जाये|  व्यापारी नेता सराफा व्यापार मंडल राजीव शुक्ला नें बताया कि अफसरों का रवैया साफ नही है| व्यापारियों के साथ मिलकर कोई ठोस निर्णय लिया जाये| जिससे व्यापारियों को समस्या ना हो|  व्यापार मंडल कंछल गुट नेता इस्लाम चौधरी नें बताया कि अतिक्रमण मानक के हिसाब से हटे| पक्षपात ना हो| पालिका चौक को चौड़ा करे| जिससे सड़कों पर जाम की समस्या कम हो सके|
व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण प्रकाश तिवारी ददुआ नें बताया कि पालिका नें जो निशान लगायें है वह गलत है| 1972 में इस सड़क का निर्माण हुआ था| पालिका किस हिसाब से निशान लगा रही है यह तो पहले साफ करे| जिला प्रशासन बिजली के खम्भे बीच में करके वन-वे ट्राफिक करे| जिससे जाम नही लगेगा| अतिक्रमण के सम्बन्ध में बैठक होनें के बाद ही फैसला सम्भव है|