ससुराल में रिटायर्ड बंदी रक्षक की बेटी की संदिग्ध मौत हत्या का आरोप

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबाद:(कंपिल प्रतिनिधि) सेन्ट्रल जेल फतेहगढ़ से रिटायर्ड बंदी रक्षक की पुत्री की ससुराल में संदिग्ध हालत में मौत हो गयी| परिजनों नें मौके पर आकर हत्या कर आरोप लगाया| पुलिस नें प्रारम्भिक जाँच के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया|
शहर कोतवाली क्षेत्र के गुंजनबिहार कालोनी निवासी सेवानिवृत बंदी रक्षक कांता प्रसाद ने बीते लगभग 5 वर्ष पूर्व अपनी पुत्री 26 वर्षीय प्रभा का विवाह थाना  कंपिल के ग्राम मानिकपुर निवासी 28 वर्षीय प्रवीण पुत्र रामकिशोर के साथ की थी| प्रवीण की खाद बीज की दुकान है| सूत्रों की माने तो पति-पत्नी में आये दिन विवाद होता रहता था और प्रवीण के चाल चलन पर भी प्रभा को शक था|
शनिवार को भी विवाद हुआ और उसके बाद अचानक  प्रभा की हालत खराब हो गयी| आनन-फानन में उसे इलाज के लिए फर्रुखाबाद परिजन ला रहे थे तो रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया| घटना की सूचना पर प्रभा के परिजन उसकी ससुराल आ गये| परिजनों नें उसकी हत्या जहर देकर करने का आरोप लगाया और हंगामा किया| मृतका के पिता नें तहरीर दी| पुलिस नें शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया|
थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव नें बताया कि शव का पंचनामा कराया जा रहा है| तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा|