वर्ल्ड हार्ट डे: इन 10 लक्षणों की मदद से पहचानें दिल के दौरे को!

FARRUKHABAD NEWS

नई दिल्ली: आज यानी 29 सितंबर को हर साल विश्व हृदय दिवस मतलब वर्ल्ड हार्ट डे मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य लोगों को दिल से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरुक करना है। हृदयरोग के मरीजों की संख्या दुनियाभर में लगातार बढ़ती जा रही है। डॉक्टरों का मानना है कि कोरोना वायरस महामारी के समय में दिल की बीमारी लोगों को ज्यादा नुकसान पंहुचा रही है, जिसकी वजह से कोविड-19 के डर से दिल के मरीज घर में ही रहने के लिए मजबूर हैं।अक्सर लोग दिल की बीमारी के शुरुआती संकेतों को नज़रअंदाज़ कर देते हैं और इस लापरवाही का नतीजा जानलेवा हो सकता है। दिल की बीमारी से होने वाली मौतों के हर छह मामलों में से एक में लोग शुरुआती चेतावनी को नज़रअंदाज़ करने की भूल करते हैं। ये बात कुछ समय पहले ब्रिटेन में हुए एक सर्वे में सामने आई थी।
35 से ज्यादा उम्र के युवाओं में भी खराब लाइफस्टाइल और खाने की आदतों के कारण दिल से जुड़ी बीमारियां बढ़ रही हैं। पिछले 10 साल में दिल की बीमारियों से पीड़ित लोगों की संख्या तेज़ी से बढ़ी है। इनमें से ज़्यादातर लोग 30-50 साल आयु वर्ग के पुरुष और महिलाएं हैं।
आज कल की व्यस्थ ज़िंदगी और कोरोना वायरस महामारी की वजह से लोगों के पास अपने शरीर और मन को स्वस्थ और शांत रखना का उपाय और समय नहीं है। यही वजह है कि लोगों में कई तरह की बीमारियां देखने को मिल रही हैं। डॉक्टरों का कहना है कि लॉकडाउन के बाद अब लोगों को कम से कम आधे घंटे एक्सरसाइज़ ज़रूर करना चाहिए, थोड़ा बाहर घूमना चाहिए लेकिन कोविड से बचने के उपाय के साथ। साथ ही नमक, चीनी और ट्रांस फैट वाली चीज़ों से दूर रहना चाहिए। इससे दिल की बीमारी होने का ख़तरा कम होता है।
दिल के दौरे के लक्षण
1. सीने में दर्द- सीने में दबाव, दिल के बीचों बीच कसाव महसूस होना।
2. शरीर के दूसरे हिस्सों में दर्द- दर्द सीने से हाथों (अमूमन बाएं हाथ पर असर पड़ता है, लेकिन दोनों हाथों में दर्द हो सकता है), जबड़े, 3. गर्दन, पीठ और पेट की ओर जाता हुआ महसूस हो।
4. मन अशांत लगे या चक्कर आएं।
5. पसीने से तरबतर होना।
6. सांस लेने में तकलीफ़।
7. मतली आना, उल्टी जैसा लगना।
8. बेचैनी महसूस हो।
9. खांसी के दौरे, ज़ोर-ज़ोर से सांस लेना।
10. हालांकि, दिल के दौरे में सीने में अक्सर ज़ोर का दर्द उठता है, लेकिन कुछ लोगों को सिर्फ हल्के दर्द की शिकायत होती है। कुछ मामलों में सीने में दर्द नहीं भी होता है, ख़ासकर महिलाओं, बुजुर्गों और डायबिटीज़ के मरीज़ों में।
Disclaimer:लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।