विवाहिता की ससुराल गये परिजनों को पुलिस के सामने पीटा, खाकी पर भी हमले का प्रयास

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबाद:(जहानगंज प्रतिनिधि) बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने की शिकायत मिलने पर पुलिस लेकर गये परिजनों को जमकर पीटा गया| वही पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की हुई| बाद में अतिरिक्त पुलिस बल आने के बाद उन्हें बचाया जा सका| लेकिन ससुराली पुलिस की पकड़ से बाहर हो गये| घटना के सम्बन्ध में तहरीर दी गयी है|
कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम नगला नारायण निवासी सुरेन्द्र सिंह नें थाने में तहरीर दी|  जिसमे कहा कि मेरी बहन ममता पाल का विवाह थाना क्षेत्र के ग्राम नगला पाल निवासी अनिल कुमार के साथ विवाह हुआ था| शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करते थे| बीते 22 जुलाई को उसकी पिटाई कर ससुराल वालों नें हाथ तोड़ दिया|
सुरेन्द्र सिंह नें बताया कि शनिवार को थाना जहानगंज  पुलिस के साथ जब वह नगलापाल बहन की ससुराल पंहुचा| देखते ही पुलिस के सामने अनिल कुमार, प्रवेश कुमार(नीलू) पुत्र गेंदालाल, अनुज पुत्र महेश चन्द्र आदि ने हम लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी| जब जान बचाने के लिए कमरा भीतर से बंद किया तो उन्होंने खिड़की दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया|  जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल आने से आरोपी नाजायज हथियार लहराते हुए फरार हो गये| सूत्रों की माने तो पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की की गयी|
थानाध्यक्ष अंकुश राघव नें जेएनआई को बताया कि पुलिस के साथ धक्का-मुक्की नही हुई| तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा|