आलू मंडी मार्ग पर लाखों रुपयों पर चल गया रोड रोलर, फिर भी बनी तालाब

FARRUKHABAD NEWS जिला प्रशासन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शहर की सातनपुर आलू मंडी जिस में जनपद का ही नही आस-पास के दर्जनों जिलों से आलू बिक्री के लिए आता है| इसके बाद भी इसकी सड़क वर्षों से गढ्ढ़ों का शिकार है| बीते महीनों लाखों खर्च भी हुए लेकिन नतीजा कुछ हासिल नही हुआ| उससे और बड़ा गढ्ढा या यूँ कहिए की तालाब बनकर तैयार हो गया|
शहर के आईटीआई चौराहे से आलू मंडी को जाने वाली मुख्य सड़क भोपतपट्टी के निकट कई मीटर टूटी थी| जिसका मुख्य कारण जल निकासी की समस्या है| लगातार हुए भवन निर्माण से आस-पास की भूमि पर आवास बन गये| कई जगह अबैध रूप स कब्जा करके भी तालाब की भूमि पर आवास निर्माण करा दिए गये| इसके साथ ही साथ जो मुख्य मार्ग पर आवासों का निर्माण हुआ उनके द्वारा भी जल निकासी की कोई व्यवस्था नही की गयी| जिसके फलस्वरूप नालियों का पानी सड़क पर आ गया और सड़क तालाब में तब्दील होती चली गयी|
विदित है 39 लाख की लागत से इस सड़क की रिपेयरिंग होनी थी| जिसमे से 100 मीटर सड़क भोपतपट्टी में सीसी निर्माण करायी गयी| लेकिन लाखों की खपत के बाद भी आम जनता को सड़क में बने तालाब से ही गुजरना पड़ रहा है| आये दिन कोई ना कोई वाहन पलट जाता है जिससे लोग चुटहिल हो रहे है|  सुबह के समय सातनपुर सब्जी मंडी और फल मंडी में भी किसान और खरीददार भी इसी सड़क से गुजरते है| मजबूरन उन्हें कमर तक गहरे गढ्ढे में उतरकर ही जाना पड़ता है|