बीजेपी सरकार में सपाईयों ने कर दिया ढाईघाट पुल का लोकार्पण

FARRUKHABAD NEWS Politics जिला प्रशासन सामाजिक

फर्रुखाबाद:(शमसाबाद)भाजपा सरकार में सपाइयों ने जनपद शहजहाँपुर व फर्रुखाबाद को जोड़ने वाले ढाई घाट के पुल का लोकार्पण कराने की तैयारी में बीजेपी व जिला प्रशासन था| लेकिन सपा नेताओं ने बिना जिला प्रशासन के भनक लगे ही नारियल फोड़कर पुल का लोकार्पण कर दिया|
शनिवार को सुबह लगभग 10 बजे सपा जिलाध्यक्ष नदीम फारुखी व जिला महासचिव मंदीप यादव के नेतृत्व में सपाई ग्राम बिड़ियाडारा गाँव के पास एकत्रित हुये| जंहा से सभी बाइक और चार पहिया वाहन से ढाई घाट पुल पर पंहुचे| जिलाध्यक्ष नदीम फारुखी ने फीता काटकर व नारियल फोड़कर पुल का लोकार्पण कर दिया| मजे की बात यह है कि बड़ी संख्या में सपाई एकत्रित हुये और पुल का लोकार्पण किया दो घंटे से अधिक समय तक चले कार्यक्रम के बाद भी जिला व पुलिस प्रशासन को भनक नही लगी| सपा नेताओं ने रैली निकाल जिंदाबाद के नारे भी लगाये|
जिला महासचिव मंदीप यादव ने बताया कि जब फसल हमारी सरकार की है तो उसको काटने का अधिकार भी सपाईयों को होना चाहिए| बीजेपी जल्द ही पुल का लोकार्पण करने के प्रयास में लगी थी| इससे पूर्व सपा ने उसका लोकार्पण कर दिया|
सपा ज़िलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुखी ने बताया जनता की मांग पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शमसाबाद और शाहजहाँपुर दोनो ज़िलों को जोड़ने के लिए ढाई घाट पुल का निर्माण कराया था ।अब जनता को गंगा पार करने के लिए नाव का सहारा नही लेना पड़ेगा । कार्यकर्ताओ की मांग पर पुल का लोकार्पण किया गया है| जिससे क्षेत्र की जनता में खुशी की लहर है।
इस दौरान पुष्पेन्द्र यादव, सुरेन्द्र सिंह गौर,इलियास मंसूरी आदि रहे|
सांसद मुकेश राजपुत ने बताया कि पुल को अभी एनओसी नही मिली| 62 करोंड की लागत से पुल बनना था| जिसमे अभी पूरा भुगतान नही हुआ| सपा के लोग गुंडई कर रहे है| अभी पुल बनने के बाद उस पर चलने की अनुमति दी जाती है वह भी नही दी गयी और उन्होंने पुल का लोकार्पण कैसे कर दिया| अधिकारियों से वार्ता कर जो भी दोषी होगा उस पर कार्यवाही करायी जायेगी|
जिलाध्यक्ष बीजेपी सत्यपाल सिंह बे बताया कि सपा हमेशा कानून तोड़ने का काम करती है|अभी लोकार्पण के लिये पुल पूरा तैयार भी नही है| उन्होंने जिलाधिकारी से वार्ता की है| इस प्रकरण पर कार्यवाही की जायेगी|
एसडीएम कायमगंज अनिल कुमार ने बताया कि उन्हें इस सम्बन्ध में कोई जानकारी नही थी| सम्बन्धित विभाग से कार्यवाही करायी जायेगी|
उत्तर प्रदेश लोक निर्माण निगम के अमर सिंह ने बताया कि उन्हें प्रकरण के सम्बन्ध में जानकारी नही हुई है| यदि यह है तो अधिकारीयों से बात की जायेगी| उसके लोकार्पण के लिये बीते दिनों शासन को पत्र भेजा गया था| अभी तारीख नही मिली थी| सपा नेताओं ने लोकार्पण गलत तरीके से किया है|