कटरी में बदमाशों की काम्बिंग,ग्रामीणों में दहशत

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE जिला प्रशासन

फर्रुखाबाद:(कंपिल) बीते दिनों कच्छा -बनियान गिरोह ने दो घरों में डकैती व एक घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था| इस घटना में चार लोग जख्मी भी कर दिये थे| जिसके बाद से लगातार क्षेत्र में बदमाशों के होने का अहसास ग्रामीणों को हो रहा है| बीती रात ग्रामीणों से पुन: बदमाशों की फायरिंग हुई| सुचना पर पुलिस के आलाधिकारी मौके पर आ गये|
थाना क्षेत्र के ग्राम जिजौटा बुजुर्ग, भरतपुरा, रूदायन, पहाड़पुर, मानिकपुर, नरायनपुर व जिजौटा बुजुर्ग में लगातार ग्रामीण बदमाश होने का दावा कर रहे है| ग्रामीणों ने बताया कि बीती रात लगभग 9:30 बजे ग्रामीणों ने जिजौटा बुजुर्ग, भरतपुर व रुदायन के निकट कटरी क्षेत्र में बदमाशो को देखा वह टार्च लगा रहे थे|
यह देखकर भरतपुर के ग्रामीणों ने फायरिंग कर दी| फायरिंग होने की आवाज पर जिजौटा बुजुर्ग के ग्रामीणों ने भी फायरिंग कर दी| जिसके बाद सूचना पुलिस के आलाधिकारियों को दी गयी| सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन सिंह, सीओ अखिलेश राय व थानाध्यक्ष महेंद्र त्रिपाठी आदि फ़ोर्स के साथ मौके पर आ गये| उन्होंने जाँच पड़ताल की| थानाध्यक्ष ने बताया बदमाश नही है| ग्रामीण खेतों में जाने वाले ग्रामीणों को ही बदमाश समझकर फायरिंग करने लगते है| संदिग्ध क्षेत्र में पुलिस की गस्त बढ़ाई गयी है|