बहू से दुष्कर्म के आरोप में आधार चैतन्य गिरफ्तार

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE जिला प्रशासन धार्मिक सामाजिक

आगरा:भागवताचार्य स्वामी आधार चैतन्य यादव को पुलिस ने उसके ट्रांसयमुना कॉलोनी स्थित घर से गिरफ्तार किया है। बेटे की पत्नी ने भागवताचार्य के खिलाफ गैंगरेप, आपराधिक कृत्य सहित कई संगीन धारा में औरंगाबाद (महाराष्ट्र) में मुकदमा दर्ज कराया था। औरंगाबाद से जांच थाना एत्मादुद्दौला ट्रांसफर हुई थी। दो माह से अधिक समय से भागवताचार्य और परिवार के सदस्य फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने भागवताचार्य को जेल भेज दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी छत्ता रीतेश कुमार सिंह ने बताया कि आधार चैतन्य यादव के पुत्र विजय का विवाह कन्नौज निवासी विनय यादव की बेटी पूजा से वर्ष 2015 में हुई थी। आधार की दो पत्नी मीरा और सरला हैं। सरला का बेटा विजय अपनी शादी में ट्रांसयमुना कॉलोनी फेस-टू स्थित घर से हेलीकॉप्टर द्वारा बारात लेकर कन्नौज गया था। तब यह शादी चर्चा का विषय रही थी। इस हाईप्रोफाइल विवाह में कई नेता भी शामिल हुए थे। तत्कालीन मंत्री शिवपाल यादव भी हेलीकाप्टर से बारात में शामिल होने गए थे।
बंधक और गैंगरेप का आरोप
विवाह के कुछ माह बाद ही बेटे और बहू के बीच संबंध खराब हो गए। पूजा के पिता विनय यादव का आरोप है कि बेटी को घर में भागवताचार्य ने बंधक बनाए रखा। उस समय आगरा पुलिस की मदद से उसको बंधनमुक्त कराया था। उसके बाद लगातार भागवताचार्य की तरफ से धमकी मिल रही थीं। बेटी के साथ गैंगरेप और अप्राकृतिक कृत्य किया गया। उसी को लेकर उन्होंने अप्रैल 2018 में थाना छावणी (औरंगाबाद) में मुकदमा दर्ज कराया था। मई में औरंगाबाद पुलिस ने इस मामले की विवेचना आगरा पुलिस को ट्रांसफर कर दी।
भागवताचार्य गिरफ्तार, परिवार फरार
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि लोक गायक और भागवताचार्य आधार चैतन्य यादव राठौर कैसेट कंपनी के साथ मिलकर लोकगीतों और विभिन्न स्थानीय परंपराओं की सीडी आदि निकालने का कार्य करता है। दो माह से भागवताचार्य स्वामी आधार चैतन्य फरार चल रहा था। सोमवार-मंगलवार रात को उसके ट्रांस यमुना स्थित घर पर दबिश दी गई। भागवताचार्य ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसको पकड़ लिया। शाम को उसे जेल भेज दिया गया।
कुछ सालों में ही 100 से अधिक कैसेट्स निकाल हो गया मशहूर
चर्चित लोक गायक आधार चैतन्य की आगरा में गिरफ्तारी की खबर मैनपुरी आयी तो लोक गायक की आशनाई के किस्से चर्चा का केंद्र बन गए। महापुरुषों और धार्मिक ग्रंथों के पात्रों से जुड़ी लोक गायिकी के बूते अहम स्थान बनाने वाला आधार चैतन्य मैनपुरी के कुर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम नगला खुर्दन का निवासी है। कुरावली में चलने वाले राठौर कैसेट्स ग्रुप के संपर्क में आने के बाद चैतन्य रातों रात मशहूर हो गया था। 2010 के बाद उसने अपना आगरा में स्थाई ठिकाना बना लिया था।
पत्नी से शादी करने के बाद साली से किया था प्रेम विवाह
आधार चैतन्य ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी मीरा से शादी करने के बाद अपनी साली सरला से प्रेम विवाह किया था। दोनों पत्नियों को चैतन्य आगरा के ट्रांस यमुना कालोनी में बनाए मकान में रखता है। लोकगायिकी के दौरान मैनपुरी और आसपास के जनपदों में उसके संबंधों की चर्चा फैली रहती थी। हालांकि मैनपुरी में उसके खिलाफ इस तरह के मामलों में कोई मुकदमा दर्ज नहीं है।
पैतृक गांव के लोग गिरफ्तारी पर हैरान
कुर्रा के ग्राम नगला खुर्दन के ग्रामीण चैतन्य की गिरफ्तारी को लेकर हैरान हैं। हालांकि ग्रामीण इस मामले पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। उसका एक पुत्र माधव शास्त्री गांव में ही मसाला फैक्ट्री चलाता है। चैतन्य के तीनों भाइयों रामौतार, विक्रम और बहोरन की मौत हो चुकी है। दो बहनें भी हैं। आगरा में शिफ्ट होने के बाद चैतन्य कभी कभार गांव आता था। एक माह पहले वो कुछ समय के लिए गांव आया था।