महीयसी महादेवी वर्मा के नाम कुर्की का नोटिस

FARRUKHABAD NEWS जिला प्रशासन धार्मिक सामाजिक

इलाहाबाद:इलाहाबाद नगर निगम के टैक्स विभाग ने कवियित्री स्वर्गीय महादेवी वर्मा को गृहकर की नोटिस भेज दी है। इतना ही नहीं नोटिस तामील होने के 15 दिन के अंदर गृहकर न जमा करने पर कुर्की वारंट जारी करने की चेतावनी दी गई है। टैक्स विभाग की ओर से चार नवंबर 2017 को यह नोटिस भेजी गई थी। इसमें कहा गया है कि उनके नेवादा, अशोक नगर स्थित मकान नंबर 327/114 पर 48050 रुपये टैक्स देय है। इसमें 28172 रुपये बकाया, 16644 ब्याज, मौजूदा (चालू) कर 3234 और शुल्क 25 रुपये शामिल है।
कर अधीक्षक के हस्ताक्षर से भेजी गई नोटिस में उल्लेख है कि एक अप्रैल 2017 को शुरू और 31 मार्च 2018 को समाप्त होने वाली अवधि के लिए सरकार से स्वीकृत नियमों के अधीन उक्त धनराशि उगाही योग्य है। पार्षद मुकुंद तिवारी ने मंगलवार को नगर आयुक्त हरिकेश चौरसिया से मिलकर नोटिस रद्द करने की मांग की। कहा कि यह अंतराष्ट्रीय ख्यात लब्ध कवि का अपमान दुर्भाग्यपूर्ण है। कवियित्री महादेवी वर्मा ने हिंदुस्तान के साथ इलाहाबाद का भी नाम रोशन किया।
आजादी की लड़ाई में उक्त भवन क्रांतिकारियों के रुकने का केंद्र था। नगर आयुक्त ने उन्हें भरोसा दिलाया कि दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई करेंगे। साहित्यकार यश मालवीय ने कहा कि महादेवी वर्मा ने शहर, देश और हिंदी का मान बढ़ाया था। उनके खिलाफ नोटिस भेजा जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। व्यवस्था कितनी अनपढ़ है, कि उसे हमारी धरोहर क्या रही है, ये भी मालूम नहीं है। महादेवी वर्मा की जगह उनके ट्रस्ट के नाम चिट्ठी-पत्री भेजी जानी चाहिए।