फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के ग्राम विजाधरपुर के पाल नगला में 24 घंटे के भीतर लगातार दूसरी आपराधिक घटना सामने आने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। एक दिन पहले वृद्धा के कुंडल नोंचने की घटना के बाद अब उसी स्थान के पास चोरी की वारदात ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया गया है कि बुधवार सुबह टहलने निकली पूर्व सैनिक की मां रामजनकी के कुंडल बदमाशों ने नोंच लिए थे और फरार हो गए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने दिनभर और देर रात तक मौके पर जांच-पड़ताल की, लेकिन कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया।
इसी बीच गुरुवार सुबह उसी इलाके के पास एक और वारदात सामने आई। ग्राम विजाधरपुर निवासी सौरभ यादव के प्लॉट में संचालित वाहन धुलाई केंद्र, जिसे ग्राम निनौआ निवासी दीपक पुत्र साधु नट को किराये पर दिया गया है, वहां चोरी हो गई। सुबह दुकान खोलने पहुंचे दीपक के भाई अमित ने देखा कि समर (मोटर) को खोलकर बदमाश चोरी कर ले गए हैं।
लगातार दो दिनों में एक ही स्थान के आसपास हुई घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों है। लोगों का कहना है कि पुलिस घटना के बाद भी इलाके में सक्रिय नहीं दिखी, जिससे बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। सूचना पर सेंट्रल जेल चौकी प्रभारी शिव कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस अब आसपास घूमने वाले संदिग्ध और बाहरी लोगों पर नजर रखने की बात कह रही है। लगातार हो रही घटनाओं ने पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी है, वहीं स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने जेएनआई को बताया की सुरक्षा की दृष्टि से गस्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, जाँच की जा रही है|

24 घंटे में दूसरी वारदात: कुंडल नोंचने के बाद उसी जगह चोरी, पुलिस के इकबाल पर सवाल
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



