रोहित शर्मा ने कानपुर में फिर खेली सुपर हिट पारी

FARRUKHABAD NEWS राष्ट्रीय

नई दिल्ली:भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच कानपुर में खेले जा रहे तीसरे और निर्णायक वनडे मैच में रोहित शर्मा ने दमदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए शतक जमा दिया। ये उनके वनडे करियर की 15वीं सेंचुरी रही। रोहित शर्मा की पारी में क्या रही खास बात आइए आपको बताते हैं?
हिटमैन फिर हुए हिट
रोहित शर्मा ने अपने वनडे करियर का 15वां शतक लगाने के लिए 106 गेंदों का सामना किया। इस सेंचुरी को बनाने के लिए उन्होंने 11 चौके और 2 दमदार छक्के भी लगाए। खास बात ये है कि इस साल ये उनका पांचवां शतक रहा। आउट होने से पहले टीम इंडिया के हिटमैन शर्मा 138 गेंदों पर 147 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने विराट कोहली के साथ मिलकर 230 रन की साझेदारी की।
कानपुर में फिर लगाया शतक
रोहित के शतक की खास बात ये रही कि ये कानपुर के ग्रीनपार्क मैदान पर लगातार उनका दूसरा शतक रहा। इससे पहले 11 अक्टूबर 2015 को भी रोहित ने द. अफ्रीका के खिलाफ 150 रन की जबरदस्त पारी खेली थी, लेकिन इस बार वो 150 के आंकड़े को पार नहीं कर सके और 147 रन बनाकर आउट हो गए। इस शतक के साथ रोहित शर्मा इस मैदान पर एक से ज़्यादा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज़ भी बन गए हैं।
चार पारी के बाद किया शानदार वार
रोहित शर्मा की ये दमदार पारी पिछली चार पारियों में फ्लॉप होने के बाद आई है। उन्होंने अपना पिछला शतक नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था। इसके बाद रांची में वो 11 रन, गुवाहाटी में 08 रन, मुंबई में 20 रन तो पुणे में 07 रन बनाकर आउट हो गए थे।
साल 2017 में पूरे किए 1000 वनडे रन
कानपुर में खेली गई इस दमदार पारी के दौरान रोहित शर्मा ने साल 2017 में वनडे में 1000 रन भी पूर् कर लिए। इस साल वो वनडे में एक हजारी बनने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने। रोहित से पहले विराट कोहली ये कमाल कर चुके हैं। इस मैच के 23 वें ओवर की चौथी गेंद पर रोहित ने बोल्ट की गेंद पर एक रन लेकर इस उपलब्धि को अपने नाम किया।
रोहित ने लगाया 150वां छक्का
इस पारी के दौरान रोहित शर्मा ने अपने वनडे करियर का 150वां छक्का भी लगाया। रोहित से पहले चार भारतीय खिलाड़ी ये कमाल कर चुके हैं। भारत की तरफ से महेंद्र सिंह धौनी के नाम सबसे ज़्यादा छक्के (206) लगाने का रिकॉर्ड है। इस लिस्ट में दूसरा नाम आता है सचिन तेंदुलकर (195) का, इसके बाद सौरव गांगुली के नाम 189 छक्के लगाने का रिकॉर्ड है। युवराज सिंह ने अभी तक वनडे क्रिकट में 153 छक्के लगाए हैं और अब इस लिस्ट में रोहित शर्मा का नाम भी जुड़ गया है। इसी के साथ वो शाहिद अफरीदी के बाद सबसे तेजी से150 सिक्स लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। रोहित ने ये 150 छक्के 165 पारियों में लगाए हैं तो शाहिद अफरीदी ने ये कमाल 160 पारियां खेलकर किया था।