14 वर्ष वनवास खत्म कर सत्ता में आयेगी भाजपा: राजनाथ

Election-2017 FARRUKHABAD NEWS Politics Politics-BJP

फर्रुखाबाद :(राजेपुर) अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी सुशील शाक्य के समर्थन में राजेपुर में हुई जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार 14 वर्ष पहले रही है। भाजपा का उत्तर प्रदेश में वनवास पूरा हो चुका है अब उन्हें वापस उत्तर प्रदेश में सरकार बनाना है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेसी युवा की खाट सभा से लेकर समाजवादी पार्टी द्वारा कराये गये कार्यों पर भी जनता से चुटकी ली।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा राज्य है। आजादी के 70 वर्षों में कभी भी किसी भी गैर कांग्रेसी को बहुमत हासिल नहीं हुआ। लेकिन उत्तर प्रदेश के सहयोग से बीजेपी की पूर्ण बहुमत सरकार बनी।कि ढाई साल के शासन में बीजेपी के किसी भी मंत्री के दामन पर भ्रष्टाचार का दाग नहीं लगा। कल्याण सिंह व उनके कार्यकाल में कभी किसी ने उंगली नहीं उठा पायी। सपा व बसपा के नेताओं पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे। नेता ऐसा होना चाहिए कि यदि उस पर आरोप लग जाये तो उसे पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए। मोदी सरकार जो काम कर रही है उससे दुनियां में नाम ऊंचा हुआ है। सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था भारत की है। उन्होंने आतंकवाद पर बोलते हुए कहा कि पाकिस्तान ने हमारे जवानों की जान ले ली लेकिन प्रधानमंत्री जी ने उत्कृष्ट फैसला लेते हुए आदेश दिये और हमारे जवानों ने पाकिस्तान की धरती पर जाकर बदला लिया।

सार्क सम्मेलन के बारे में बोलते हुए कहा कि वह पाकिस्तान नहीं जाना चाहते थे। लेकिन उन्हें बताया गया कि पाकिस्तान में भारत के गृहमंत्री को घुसने नहीं दिया जायेगा। तो उन्होंने फैसला किया कि वह पाकिस्तान जरूर जायेंगे और मैं गया। फैसला किया कि पाकिस्तान को दुनिया के सामने बेनकाब करके जायेंगे। गृहमंत्री ने चुटकी लेते हुए जनता से पूछा कि क्या सपा और बसपा ने विकास करा दिया? सभी सड़कें गांवों से जुड़ गयीं? नौजवानों को रोजगार मिल गया? इस तरह के कई सवाल जनता से किये। उन्होंने कहा कि बीजेपी यह सभी कार्य करायेगी। सरकार बनी तो समर्थन मूल्य पर धान की खरीद की जायेगी। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि बिजली नहीं आ रही तो उत्तर प्रदेश में बिजली के नाम पर बिल तो आ रहा है।

उन्होंने अपनी सरकार के वादे गिनाते हुए कहा कि किसानों के फसली ऋण माफ कर दिये जायेंगे। बेरोजगारों को रोजगार दिया जायेगा, बिजली मुहैया करायी जायेगी। इसके साथ ही किसानों को शून्य ब्याजदर पर कर्ज दिया जायेगा। नौकरी से पूर्व स्व प्रमाणित प्रमाणपत्र मान्य किया जायेगा। नौजवानों को कौशल प्रशिक्षण के बाद रोजगार ऋण मुहैया कराया जायेगा। उन्होंने कांग्रेस की खाट सभा पर चुटकी लेते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार खाट सभा सुनी है। खाट से काम नहीं चला तो साइकिल पर उछल कर पहुंच गये। उस साइकिल को पहले ही मुलायम सिंह ने पंचर कर दिया।

उन्होंने कहा कि चीनी मिल से भुगतान में सुधार के लिए किसानों को तत्काल चेक दिया जायेगा जिसका 14 दिन के अंदर भुगतान किया जायेगा। उत्तर प्रदेश में 14 वर्ष से भाजपा को वनवास झेलना पड़ा है। कमल खिलाकर सुशील शाक्य को जितायें और वनवास खत्म कर दें। इस दौरान जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, प्रांशुदत्त द्विवेदी, कुलदीप दुबे, रजनीकांत, राजू कुमार, डा0 सतीश सिंह, नंदकिशोर राठौर, भास्करदत्त द्विवेदी आदि मौजूद रहे।

गृहमंत्री की सभा के दौरान डी में घुसे कुत्ते
फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार में गृह मंत्री राजनाथ सिंह जिस समय जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे, उसी दौरान दो कुत्ते आकर डी में घुस गये। जिससे उन्हें भगाने के लिए पुलिस को खासी मसक्कत करनी पड़ी। इसके अलावा राजनाथ के विचारों को सुनने आयी भीड़ ने बैरीकेटिंग को पार कर दिया। पुलिस ने डन्डे फटकार कर भीड़ को नियंत्रित किया।