पीएम मोदी बोले: एक पार्टी बेटा, दूसरी पैसे और तीसरी परिवार में उलझी

FARRUKHABAD NEWS Narendra Modi Politics

NEW DELHI, INDIA - JUNE 21: Prime Minister Narendra Modi address a International Conference on Yoga at for holistic Health organized by Ministry of AYUSH on the occasion of International Yoga Day at Vigyan Bhavan on June 21, 2015 in New Delhi, India. The yoga celebrations are being organised after the United Nations had in December last year declared June 21 as International Yoga Day. (Photo by Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images) लखनऊ: नोटबंदी पर खुद की दी गयी 50 दिन की अवधि पार हो जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस, बसपा और सपा पर यहां जमकर हमला बोला। कहा, एक पार्टी बेटे को 15 साल से स्थापित करने की कोशिश कर रही है लेकिन, उसकी कहीं दाल गलती नजर नहीं आ रही। दूसरी पैसे बनाने में लगी है और तीसरी पार्टी की पूरी ताकत परिवार के लिए लग रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या ऐसे लोग उत्तर प्रदेश का भला कर सकते हैं। बस, एकमात्र भाजपा है जो उप्र बचाने आयी है।

सोमवार को रमाबाई अंबेडकर मैदान में आयोजित भाजपा की परिवर्तन रैली में उमड़ी ऐतिहासिक भीड़ का नरेन्द्र मोदी जब यह आह्वान कर रहे थे तब उनका पूरा जोर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनाने पर था। मोदी ने कहा ‘हमें अवसर दीजिए। हम आपसे वादा कर रहे हैं, हम गुंडागर्दी खत्म करके रहेंगे।यह वादा करते समय वह 14 वर्षों के बसपा और सपा शासन की याद दिला रहे थे। उन्होंने कहा ‘जांत-पांत का प्रभाव, अपने-पराये का खेल सब देख चुके, सब कुछ सहन कर चुके। एक बार अपने पराये से ऊपर उठकर विकास के लिए वोट करिए और देखिए उत्तर प्रदेश बदलता है या नहीं। मोदी ने उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं के मन में भी भाजपा के 14 वर्षों के वनवास की कसक पैदा की। बोले – ‘मुद्दा भाजपा के वनवास का नहीं है। कितने साल रहे और कितने निकल गए, भाजपा इस तराजू से राजनीति को नहीं तौलती। 14 वर्षों में उप्र में विकास का वनवास हो गया है। उमड़ी भीड़ की ओर इशारा करते हुए गदगद मोदी बोले कि 14 वर्ष बाद एक बार फिर उत्तर प्रदेश में विकास का अवसर आने का नजारा देख रहा हूं। उन्होंने कल्याण सिंह, राम प्रकाश गुप्ता और राजनाथ सिंह के सुशासन के दिन भी याद दिलाए।

भीम एप से दर्द क्यों
डॉ. भीमराव अंबेडकर और रमाबाई को प्रणाम करते हुए मोदी ने कहा कि अभी हाल में आर्थिक कारोबार के लिए हमने भीम एप लांच किया। हिंदुस्तान का आर्थिक कारोबार बाबा साहब के नाम से चले तो किसी के पेट में दर्द क्यों। दरअसल, एप लांच होने के बाद मायावती ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। मोदी ने उनकी प्रतिक्रिया को ही हथियार बनाकर उन्हें घेरने की कोशिश की। वह दलितों को संदेश देने की कोशिश कर रहे थे। इसीलिए जोर देकर कहा, ‘इस ऐप का उपयोग हो, बाबा साहब को इससे बड़ी कोई श्रद्धांजलि नहीं हो सकती।
अटल और कल्याण की याद
अटल विहारी वाजपेयी और कल्याण सिंह की अहमियत का ख्याल रखते हुए मोदी ने शुरुआत में ही उन्हें याद किया। कहा, ‘अटल जी जैसे महापुरुषों ने अपनी जवानी इस धरती पर खपायी। पसीना बहाया। रात दिन एक करके भाजपा का वटवृक्ष तैयार किया। अटल जी ने लखनऊ की भरपूर सेवा की। ‘अटल जी और कल्याण सिंह टीवी पर यह नजारा देखकर वहां से सबको आशीर्वाद दे रहे होंगे।
किसानों के मन की बात
मोदी ने गन्ना किसानों, उनका बकाया, खाद की समस्या और राज्य की सरकार के रुख पर भाषण केंद्रित किया। कहा, हमारा किसान मेहनत करे लेकिन राज्य सरकार को धान खरीद की फुर्सत ही नहीं है। उन्होंने किसान बीमा योजना से लेकर उनके हित में किए अनेक काम गिनाए।

वे कहते मोदी हटाओ, मैं कहता भ्रष्टाचार
मोदी ने अपने अंदाज में जनता के बीच सवाल उछाले। कालाधन बंद करने और भ्रष्टाचार मिटाने पर जनता से समर्थन मांगा। भीड़ से मिले जवाब से उत्साहित मोदी ने कहा, आपने कभी सपा और बसपा को एक साथ देखा है। दोनों का झगड़ा कितना पुराना है। एक कहे कि सूरज पूरब से निकला है तो दूसरा तुरंत पश्चिम बोलेगा लेकिन, दोनों मिलकर कह रहे हैं मोदी को बदलो। वे कहते हैं मोदी हटाओ और मैं कहता हूं भ्रष्टाचार हटाओ। निर्णय आपको करना है।

कार्यकर्ताओं को दिए मंत्र
मोदी कार्यकर्ताओं को भी सहेजने से नहीं चूके। बोले, और दलों के लिए आने वाला चुनाव सत्ता हथियाने का प्रयास होगा लेकिन, भाजपा के लिए यह हार-जीत का मसला नहीं है। 2017 का चुनाव भाजपा के लिए एक जिम्मेदारी का नाम है। कार्यकर्ता यह सोच लें कि हमारे ऊपर एक जिम्मेदारी आने वाली है और योग्य बनकर उन्हें आगे बढऩा है। इस चुनाव को जिम्मेदारी का चुनाव बनाना है। मोदी ने कहा कि यह सोचकर काम करना कि जो हमारे साथ हैं उनका भी भला और जो साथ नहीं उनका भी भला।

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इन दिनों अखाड़े के बाहर दंगल चल रहा है। बिना अखाड़े में उतरे ही सब डरे हैं। सपा-बसपा, कांग्रेस सब डरे हुए हैं। सपा में तो दंगल चला रहा है। अब उत्तर प्रदेश में दंगल नहीं बल्कि मंगल चाहिए। राजनाथ ने कहा कि हम लोग कहीं भी केवल सत्ता परिवर्तन नहीं करना चाहते हैं, हम व्यवस्था परिवर्तन करना चाहते हैं। दस राज्यों के बाद अब उत्तर प्रदेश की बारी है। राजनाथ ने कहा कि मैं याद दिलाना चाहता हूं। चाहे कांग्रेस सरकार हो या सपा-बसपा की, इन्होंने उत्तर प्रदेश के लोगों को चीनी व तेल के लिए लाइन में खड़ा किया। खाद के लिए किसानों ने पुलिस की लाठी तक झेली। अब सब सामान्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इतनी व्यवस्था कर दी है कि सब बेहतर ढंग से चल रहा है। गरीब माता-बहनों की चिंता करते हुए गैस सिलेंडर हर घर तक पहुंचाने का काम किया। मोदी जी ने किसानों की चिंता करते हुए छह हजार करोड़ दिया तब जाकर गन्ना किसानों को पैसा मिला। मैं गौरव के साथ कह सकता हूं कि आज खाद और यूरिया के लिए किसानों को लाइन में नहीं लगना पड़ा है। आज ऐसे हालत पैदा हो गए हैं कि किसानों के धान को भी यूपी सरकार खरीद नहीं पा रही है। जिस सुशासन को सपा और बसपा ने वनवास दे दिया है उसका भाजपा घर वापसी करेगी। हिंदुस्तान का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश है लेकिन इसका विकास अभी तक नहीं हो पाया है।

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह का दावा है कि सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही उत्तर प्रदेश में परिवर्तन की सहीं राह दिखा सकती है। अमित शाह आज लखनऊ में भाजपा की परिवर्तन महारैली को संबोधित कर रहे थे। पीएम मोदी के आगमन से पहले मंच संभालने वाले अमित शाह ने प्रदेश में सपा तथा बसपा की सरकार पर जमकर प्रहार भी किया।

रमाबाई अंबेडकर मैदान में अमित शाह ने कहा कि सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही देश में ऐसी पार्टी है जो देश के विकास की बात सोचती और करती है। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है, और यहां का विकास तो सबसे पहले होना जरूरी है। शाह ने कहा कि हमने दस राज्यों में बड़ा परिवर्तन करके दिखाया है। अब तो उत्तर प्रदेश की बारी है। यहां पर सपा तथा बसपा के शासन में महिलाएं महफूज नहीं है। आप भाजपा की सरकार बनाएं। एक हफ्ते के भीतर सारे गुंडे प्रदेश छोड़कर चले जाएंगे।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने उत्तराखंड में चारधाम का नेशनल हाईवे बनाने का काम शुरू किया है। यह निर्माण बहुत लंबा होगा लेकिन आगरा-लखनऊ से कम पैसा लगा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लखनऊ से भ्रष्टाचार की गंगा बहती है, इसलिए कभी यूपी का विकास नहीं हो सकता है।अमित शाह ने कहा कि मोदी जी ने हर साल यूपी को एक लाख करोड़ से ज्यादा दिया, लेकिन यूपी का विकास नहीं हुआ। केंद्र में अगर बहुमत की सरकार है तो यूपी की बदौलत, क्योंकि मोदी जी यूपी वाले हैं, लेकिन यूपी का विकास नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि यहां पर अभी तक सपा, बसपा के साथ इनकी मिली सरकार थी। इन लोगों का सिर्फ एक सूत्री कार्यक्रम था। उत्तर प्रदेश को लूटने का। इन लोगों ने उत्तर प्रदेश को सिर्फ लूटा ही है। इतने बड़े प्रदेश को खोखला कर दिखाया है।

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश का किसान तथा नौजवान बहुत ही मेहनतकश है। सबसे ज्यादा मेहनतकश किसान अगर कहीं है तो यूपी में हैं, सबसे तेज युवा कहीं है तो वो है यूपी में हैं। दावा है कि हम उनको उचित सम्मान देकर शीर्ष पर ला देंगे। शाह ने कहा कि आपका कोई रिश्तेदार अगर बीजेपी शासित प्रदेश में रहता है तो फोन कर के पूछिए कि वहां 24 घंटे बिजली आती है या नहीं।शाह ने कहा कि हमने परिवर्तन करके दिखाया, हम दस प्रदेशों की स्थिति बदल कर दिखाई है। उत्तर प्रदेश में चाचा-भतीजा और बुआ यूपी का भला कभी नहीं कर सकते हैं। सिर्फ मोदी जी ही यूपी का भला कर सकते हैं। इससे पहले उनके आगमन पर लखनऊ का रमाबाई परिवर्तन रैली स्थल भारत माता की जय के नारों से गूंजा।