कोलकाता में दर्दनाक हादसा, निर्माणाधीन पुल गिरने से 14 मरे, 78 लोग घायल

ACCIDENT FARRUKHABAD NEWS राष्ट्रीय

kolkata-overbridgeकोलकाता: कोलकाता में आज एक बड़ा हादसा हो गया। उत्तरी कोलकाता में एक निर्माणाधीन पुल गिरने से 14 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 78 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मलबे में 100 लोगों के दबे होने की आशंका जाहिर की जा रही है।

अमेरिका गए पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर इस हादसे पर दुख जताते हुए मौके पर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने को कहा है। इधर गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने एनडीआरएफ को निर्देश दिया कि वह फ्लाईओवर के मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए पूरी जी जान से जुट जाएं। सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 2 लाख रुपए देने का एलान किया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि इस हादसे के दोषी लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं भाजपा ने इस हादसे की सीबीआई जांच की मांग की है। हादसे में घायल लोगों से मिलने भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी अस्पताल पहुंचे हैं।

विवेकानंद ब्रिज उत्तर कोलकाता का एक हिस्सा अचानक टूट कर गिर पड़ा। 2009 से ही ये पुल बनाया जा रहा था। यहां मौजूद लोगों के मुताबिक मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। हादसे की खबर मिलते ही राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। बताया जा रहा है बुधवार को ही पुल की ढलाई की गई थी और आज ही ये हादसा हो गया है।

पुल गिरने की वजह से उस इलाके का यातायात ठप हो गया है। एक प्रत्यक्षदर्शी रमेश ने बताया कि कम कम 150 आदमी दबे हुए हैं। मैंने अपनी खिड़की से देखा, फिर आवाज़ आने लगा कि उधर ब्रिज गिर गया है। वहां बहुत लोग थे, रिक्शा-टैक्सी से जा रहे थे, सब दब गए। वहीं इस घटना को लेकर सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। पश्चिम बंगाल के बीजेपी इनचार्ज कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि ये घटना भ्रष्टाचार का जीता जागता उदाहरण है।