फर्रुखाबाद में सपा का अधिकृत प्रत्याशी ही चुनाव जीतेगा- शिवपाल सिंह यादव

FARRUKHABAD NEWS Politics- Sapaa

SHIVPAL-SINGH-YADAVफर्रुखाबाद: जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर चुनाव में समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी बदला नहीं जायेगा| फर्रुखाबाद पहुंचे प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी विधायको और कार्यकर्ताओ से बैठक के बाद मीडिया में जारी बयान में कहा कि जो भी पार्टी फैसले के खिलाफ काम करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की गयी है और आगे भी की जाएगी| शिवपाल सिंह यादव ने डाक बंगले में अधिकारियो और विधायको से बंद कमरे में बैठक की| मीडिया को बैठक के बाहर रखा गया| शिवपाल सिंह ने इस बात को स्वीकार किया कि विद्रोह के बाद वे खुद फर्रुखाबाद को देखेंगे और संगठन को फिर से खड़ा करेंगे|

जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में सपा प्रत्याशी के विरोध में पार्टी के निष्कासित नेताओ द्वारा ज्ञान देवी का नामांकन करा दिए जाने के बाद जनपद की कमान शिवपाल ने संभाल ली है| सत्ता में रहते पार्टी को अब तक 33 सीटो पर निर्विरोध जीत मिलने से उत्साहित सपा नेता फर्रुखाबाद की सीट पर भी निर्विरोध सपा प्रत्याशी की जीत का गणित बैठाने के लिए मंथन कर रहे है| लोकनिर्माण एवं सिचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव दोपहर लगभग 2.20 बजे फर्रुखाबाद हेलीकॉप्टर से पहुंचे और पार्टी के तीनो विधायको और सपा नेताओ के साथ बैठक की| सपा प्रत्याशी सगुना देवी के मुकाबले में ज्ञान देवी का नामांकन मुख्यमंत्री से हरीझण्डी के मौखिक दावे के साथ किया गया है| जिसे शिवपाल सिंह ने ख़ारिज कर दिया|