पंचायत चुनाव 2015: आखिरी चरण में मतदान जारी….

FARRUKHABAD NEWS PANCHAYAT ELECTION

फर्रुखाबाद: लगभग दो महीने से प्रदेश में चल रहे पंचायत चुनावो के आखिरी चरण में 9 दिसम्बर को वोट डाले जा रहे है| ग्राम पंचायत के गठन के लिए प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए फर्रुखाबाद के मोहम्दाबाद ब्लाक में मतदान चल रहा है| दोपहर 1 बजे तक 40 फ़ीसदी के लगभग मतदान हो चुका है| हर चरण की तरह इस चरण में भी मतदान में पहचान पत्र और वोटर सूची में नाम को लेकर तकरार जारी है| अब तक की कुछ खबरे इस प्रकार है-

१- भरतपुर रसूलपुर बूथ पर एक पीठासीन अधिकारी राशन कार्ड को को मान्य पहचान पत्र मानने में आनाकानी करता रहा| कुछ मतदाताओ ने आरोप लगाया है कि पुराने राशन कार्ड होने के बाबजूद कुछ चिन्हित मतदाताओ को राशन कार्ड दिखाने के बाबजूद वोट डालने से वंचित किया|
२- ग्राम पंचायत बीघामऊ के मतदान केंद्र पर लगभग एक सैकड़ा वोटर सूची में नाम होने के बाबजूद वोट डालने से लौटाए गए| इनके नाम वोटर सूची में लाल पेन से काट दिए गए थे| इस मतदान केंद्र पर प्रधान पद के प्रत्याशी भोपाल सिंह ने आरोप लगाया कि काटे गए नाम अधिकांश उनके समर्थक वोटरो के है| भोपाल सिंह ने काटे गए नामो वाले मतदाताओ को लेकर वोट डालने के लिए दबाब बनाया तो अफरा तफरी मच गयी| इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल भेज माहौल को शांत कराया गया| कुल मिलाकर लाल पेन से कटे नाम वोट डालने से वंचित ही रहे|
३- पुनपालपुर में एक बूथ पर कुछ देर के लिए वोट डालने वाली मुहर खो गयी जिससे लगभग आधा घंटा मतदान रुका|
४- बूथ संख्या 151 हरकमपुर में ग्राम पंचायत सदस्यों के मतपत्र ही कम पड़ गए|