काले हीरे पर बैठा धनबाद भी चमके : मोदी

Uncategorized

pm-modi-dhanbad-rally_09_12_2014धनबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को धनबाद में गरजे। बरवाअड्डा हवाईअड्डे पर विशाल चुनावी सभा को संबोधित कर मोदी ने धनबाद, बोकारो और गिरिडीह जिले की 13 विधानसभा सीटों के भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। चौथे चरण में इन क्षेत्रों में 14 दिसंबर को मतदान होगा।

मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा मैदान में आपके लिए जगह हो या नहीं मेरे दिल में आपके लिए बहुत जगह है। मुझे विश्वास है कि इस चुनाव में आप भाजपा को भारी मतों से जिताने वाले हैं। आप भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने वाले हैं, इसलिए मैं आपको एडवांस में धन्यवाद दे देता हूं।

मोदी ने कहा कि इससे पहले मैं आपको लोकसभा चुनाव में अपना समर्थन देने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि 30 वर्षों के बाद आज केंद्र में पूर्ण बहुमत वाली सरकार है। इससे पहले गंठबंधन सरकारों के कारण देश का विकास अवरुद्ध हो गया था।

उन्होंने कहा कि आज झारखंड बदलाव के दौर में आ गया है। आज प्रदेश को विशेष देखरेख की जरूरत है, क्योंकि आज अगर प्रदेश संवर गया, तो फिर सौ वर्षों तक प्रदेश की चिंता करने की जरूरत नहीं रहेगी। उन्होंने धनबादवासियों से कहा, आप काले हीरे पर बैठे हैं। ऐसे में इस इलाके को चमकना चाहिए। लेकिन प्रदेश का विकास कौन करेगा। प्रदेश का विकास करने के लिए आप भाजपा को मौका दें, पूर्ण बहुमत दें, तभी झारखंड का विकास होगा।

मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह गरीबों की सरकार है। इसलिए गरीबों का हित सोचती है, उनके कल्याण के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि हमने हर गरीब का बैंक खाता खुलवाने के लिए प्रधानमंत्री जनधन योजना की शुरुआत की। मेरी सरकार यह चाहती है कि झारखंड में युवाओं को रोजगार मिले, प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर हो। यहां के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। लेकिन इसके लिए आपको हमें पूर्ण बहुमत देना होगा।

प्रधानमंत्री दिल्ली से वायुसेना के विशेष विमान से रांची पहुंचे। वहां से हेलिकॉप्टर द्वारा बरवाअड्डा हवाईअड्डे पर उतरे। उनकी सभा को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह, महामंत्री भूपेंद्र सिंह धनबाद पहुंच चुके हैं। पार्टी का दावा है कि सभा में डेढ़ लाख लोग इकठ्ठा होंगे।

13 प्रत्याशी होंगे मंचासीन

प्रधानमंत्री के साथ मंच पर 13 विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा-आजसू गठबंधन प्रत्याशी होंगे। धनबाद से राज सिन्हा, झरिया से संजीव सिंह, निरसा से गणोश मिश्र, सिंदरी से फूलचंद मंडल, बाघमारा से ढुलू महतो, टुंडी से राजकिशोर महतो (आजसू), चंदनकियारी से उमाकांत रजक (आजसू), बोकारो से विरंची नारायण, गिरिडीह से निर्भय शाहबादी, जमुआ से केदार हाजरा, गांडेय से जयप्रकाश वर्मा, बगोदर से नागेंद्र महतो व डुमरी से लालचंद महतो मंच पर रहेंगे।

सुदेश समेत 16 को मिलेगा स्थान

प्रधानमंत्री के साथ सौदान सिंह, रघुवर दास, भूपेंद्र सिंह, अजरुन मुंडा, रवींद्र राय, सरयू राय, सुदेश महतो, पीएन सिंह, रवींद्र पांडेय, शेखर अग्रवाल, ह्रदयनाथ सिंह, दशरथ सिंह शेखावत, रीता वर्मा, हरि प्रकाश लाटा, बोकारो जिलाध्यक्ष अंबिका खवास और गिरिडीह जिलाध्यक्ष अशोक उपाध्याय उपस्थित रहेंगे।