क्या पता लोग कहें मोदी ने शिंजो को कम्युनल कर दिया’

Uncategorized

modi_indiansटोक्यो: जापान दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जापान में रहने वाले भारतीय समुदाय के बीच थे। इस दौरान उन्होंने भारत-जापान संबंधों को और मजबूत किए जाने की वकालत की। साथ ही मोदी ने दोनों देशों के बीच सदियों पुरानी दोस्ती और परंपरा की याद दिलाई। इस दौरान मोदी ने लोगों को जापानी पीएम को गीता भेंट करने की जानकारी दी और इस पर चुटकी भी ली।

मोदी ने कहा कि भारत जापान के संबंधों का यश केवल दो देशों की सरकारों को नहीं जाता, इसका यश सदियों से दोनों देशों के लोगों को जाता है। भारत जापान एसोसिएशन को 110 साल हो गए, मैं सोच रहा था सौ सालों तक एक परिवार इकठ्ठा नहीं रह सकता। दोनों देशों के नीति निर्धारकों की कितनी दूरदर्शिता होगी कि ये संबंध और गहरा होता गया।

मोदी ने कहा कि जापान का किसी भी देश के साथ इतनी पुरानी एक भी एसोसिएशन नहीं है।
हमारे पूर्वजों ने ये जो महान नींव रखी है मैं नहीं मानता ये किसी तात्कालिक लाभ के लिए है। ये मानव जाति के कल्याण के लिए है। अब इस पीढ़ी और आने वाली पीढ़ियों की जिम्मेदारी है 110 सालों की तपस्या है और उसे कैसे मज़बूत बनाए।
मोदी ने कहा कि कल प्रधानमंत्री शिंजो आबे से जो बात हुई, जो टोक्यो डिक्लेरेशन हुआ है अब हम स्पेशल स्ट्रेटीजिकल ग्लोबल पार्टनर बने हैं। जो चीज कागज़ पर नहीं लिखी है, दिलों में लिखी है, वो है जापान भारत की स्पिरिचुअल पार्टनरशिप। जापान की धीरे धीरे हिंदी भाषा सीखने का उत्साह और योग सीखने की रूचि बढ़ रही है। एक-एक चीज का संबंध बढ़ रहा है।

जापान का भारत पर कितना बड़ा हक़ है, इसका उदहारण बताता हूं कि मुझे चिट्ठी लिखी गई है कि जापान आइये तो हिंदी में बोलिए।

मैं यहां सुभाष चन्द्र बोस की बात करूं तो अनेक लोग मिलेंगे यहां। एक वृद्ध सुभाष बाबू के साथी रहे हैं। उनकी यादें बताते हैं। मैंने अपने राजदूत को कहा है कि एक महीने के लिए उनके एक वीडियोग्राफर लगा दें, उनका इंटरव्यू लेते रहें। ऐसी बहुत सी चीजें हमारी अपनी जुड़ी हुई हैं।

मोदी ने कहा कि मैं जब भी जापान आता हूं, मुझे बहुत अपनापन लगता है। कारण मैं नहीं जानता।

मुझे आपने जो अपनापन दिया है वो प्रधानमंत्री पद से भी बहुत बड़ी चीज है। मैंने जापानी प्रधानमंत्री के लिए गिफ्ट के तौर पर गीता लिया। न जाने भारत के सेकुलर इसे किस तरह लें। हो सकता है कहा जाए कि मोदी ने उन्हें भी कम्युनल कर दिया। टीवी पर डिबेट हो सकती है। चलिए उनकी भी रोज़ी रोटी चलनी चाहिए। पर मेरे पास गीता से बेहतर न देने के लिए कुछ है, न दुनिया के पास इससे बेहतर लेने के लिए कुछ है।

मोदी ने कही ये बड़ी 8 बातें

1. महात्मा गांधी स्वच्छता के बड़े प्रेमी थे। उन्होंने हमें आज़ादी दी पर हमने उन्हें क्या दिया। महात्मा गांधी के 150 जन्मवर्ष को हम क्लीन इंडिया के तौर पर मनाएंगे।

2. भारतीय जहां भी गए, आज तक कभी भी वहां से कोई शिकायत नहीं आई, बल्कि तारीफ ही आई है।

3. जब मैं ताइवान गया था काफी पहले तो वहां मुझसे पूछा गया कि क्या भारत में अब भी सपेरे हैं जो सांप से खेलते हैं। मैंने उससे कहा कि नहीं अब हमारा और डीवैल्यूशन हो गया है और हम अब माउस से खेलते हैं।

4. कल्चर बहुत बड़ी चीज़ है। आप अपने यहां लड़कियों में साड़ी पहनने का कंपटीशन रख सकते हैं। लड़कों में साफा बांधने का, इससे भारतीयता मजबूत होगी।

5. आपको ऐसा लगता होगा कि ये प्रधानमंत्री क्या है जो ऐसी छोटी-छोटी बातें करता है, मगर ये बहुत ज़रूरी है।

6. जापान की यात्रा बहुत सफल रही। संभवतः ट्रिलियन शब्द पहली बार चर्चा में आया।

7. जापान के साथ हमारा भरोसा बढ़ा है जो फेविकोल से भी मजबूत है।

8. क्योटो की तर्ज़ पर बनारस के लिए मैंने कुछ सोचा था। मुझे खुशी है कि स्वयं जापान के प्रधानमंत्री ने इसके लिए समय निकाला।