एक हत्यारोपी सहित चार लोग असलहों समेत गिरफ्तार

Uncategorized

hthiyar फर्रुखाबाद:बीती रात पुलिस ने गश्त के दौरान एक कार को संदिग्ध होने पर रोका तो उनके पास से असलाहे बरामद हुए है| पकड़े गये आरोपियों में से एक हत्यारोपी बताया गया है| पुलिस ने चारो आरोपियों का चालन कर दिया| हत्यारोपी की एटा पुलिस दो बर्ष से तलाश कर रही थी|
मऊदरवाजा थाना पुलिस के उपनिरीक्षक शिवकुमार त्रिवेदी के अनुसार कि उन्होंने रात में गश्त के दौरान चिलसरा मार्ग पर इंडिका वीस्टा कार को चेक किया। चेकिंग के दौरान रिटायर्ड पुलिस दीवान श्रीकृष्ण यादव के पुत्र गंधर्व सिंह यादव के पास से 315 बोर का तमंचा व 5 कारतूस बरामद हुए।
तलाशी में कार में बैठे थाना मऊदरवाजा के गांव मट्ठा नगला(कन्हई नगला) निवासी उसके भाई अशोक यादव के पास डबल बैरल बंदूक व 5 कारतूस मिले। थाना शमसाबाद के गांव नैगवां निवासी रिटायर्ड सैनिक जयचंद वर्मा के पास से 315 बोर के पांच कारतूस बरामद हुए। जनपद एटा के थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव विजयपुर निवासी रामकिशोर यादव के पास से 12 बोर का तमंचा व 5 कारतूस मिले। उन्होंने बताया कि अशोक यादव से बरामद हुई बंदूक का लाइसेंस जयचंद वर्मा के नाम है। जयचंद को कारतूस बरामदगी व अपनी बंदूक दूसरे को देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार रामकिशोर यादव हत्या के मामले में दो वर्ष से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ जनपद एटा के अलीगंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज है। वह पुलिस से बचने के लिए इन दिनों थाना शमसाबाद के गांव मुरैठी में रह रहा था।
गिरफ्तारी की सूचना पर अलीगंज थाने के दरोगा मुकेश कुमार ने मऊदरवाजा आकर रामकिशोर से पूछताछ की। पुलिस को शक है कि बरामद कार चोरी की है। इस संबंध में जांच की जा रही है। चारो आरोपियों का चालान कर दिया गया। कार में भिड़ौर निवासी एक ग्रामीण भी बैठा था। पूछताछ में पता चला कि ग्रामीण ने रिटायर्ड सैनिक को खेत बेचा था। इसके 1.25 लाख रुपये बकाया थे। रुपये देने का झांसा देकर ही उसे बुलाया गया था। पुलिस को शक हुआ कि ग्रामीण के साथ कोई वारदात हो सकती थी। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया।