कमालगंज का बबाल साम्प्रदायिक नहीं, सिपाही के पक्षपात का नतीजा था

Uncategorized

Kamalganj Babaal3फर्रुखाबाद: कमालगंज कस्बे में मामला कोई बबाल हुआ है? इस बात के फोन दिन भर घनघना रहे थे| लोग जे एन आई की वेबसाइट पर बार बार खोल खबर पढ़ते और फिर फोन करते कि मामला क्या है? हर कोई जानना चाह रहा था कि कहीं कमालगंज में कोई सम्प्रदायिक तनाव तो नहीं है| दो समुदायों में कोई झगडा हुआ है क्या? क्योंकि फेसबुक पर आ रहे अपडेट और टी वी पर कुछ लाइन आ रही थी| आखिर जब खबर लोगो को पढ़ने को जे एन आई के पोर्टल पर मिल गयी उसी के बाद फोन आना बंद हुए| तस्वीरे बेहद गंभीर थी मगर इनमे कुछ भी साम्प्रदायिक नहीं था| केवल एक वर्ग का बदमाश दूसरे वर्ग में छेड़छाड़ कर बैठा| विरोध हुआ तो तमंचा दाग दिया और बदले में जनता भड़क गयी और लोगो ने सड़क जाम कर दी, थाना घेर लिया, स्थानीय नेताओ ने मुद्दा कैच कर लिया और राजनैतिक नारेबाजी होने लगी| मगर दूसरे वर्ग से बदमाश के समर्थन में कोई नहीं आया| आखिर वो है तो हिस्ट्रीशीटर उसकी मदद कौन करता| सभ्य समाज किसी भी वर्ग का हो बदमाशी किसी को भी पसंद नहीं| हाँ एक कौम है जिसमे ये पसंद किये जा सकते है| वो है पुलिस| पुलिस को बदमाश पालने का पुराना शौक है| कभी इनका इस्तेमाल मुखबिर के तौर पर भी किया जाता रहा| मगर अब ये हिस्ट्रीशीटर ठाणे चौकिओ के कमाई कराने के जरिया होते है| तो शांत होकर इत्मिनान से सो जाइए| मौके पर जिलाधिकारी, पुलिस कप्तान सहित सभी अफसर पहुचे और कमालगंज कहीं मुज्जफरनगर न बन जाए इसी सांसत में पूरी मुस्तैती दिखा आये और शांति बहाल कराकर पी ए सी तैनात कर दी गयी है|

सिपाही की भूमिका पर सवाल-
दरअसल में कमालगंज कस्बे में आज पुलिस के एक सिपाही के पक्षपातपूर्ण रवैये के कारण जमकर बवाल हुआ। विवाद एक ग्राम प्रधान के भाई और उसके दबंग साथियों द्वारा एक परिवार के साथ अश्लील हरकतों का विरोध किये जाने पर की गयी फायरिंग से शुरु हुआ। आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव कर जाम लगा दिया और स्थानीय सपा विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। तनाव के कारण कमालगंज कस्बे के सभी बाजार बंद हो गये। पूरे कस्बे में पीएसी तैनात कर दी गयी। जिलाधिकारी समेत सभी अधिकारी मौंके हाजिर हो गए।

[bannergarden id=”8″][bannergarden id=”11″]
कमालगंज थाना क्षेत्र के नगला दाउद के प्रधान पुत्र इजराइल और उसके दबंग साथियों के उत्पीड़न से पूरा कमालगंज त्राहि-त्राहि कर रहा है। इजराइल के उत्पीड़ित लोग थाने पहुंचते तो पुलिस पीड़ितों को भगा देती। कई लोग थाने गये पर उनकी कोई नहीं सुनी गयी। इजराइल मोहल्ला नई बस्ती में एक परिवार के साथ कई दिन से अश्लील हरकतें कर रहा था। आज लोगों ने उसका विरोध किया तो उसने फायरिंग कर दी। फायरिंग की खबर लेकर पीड़ित थाने पहुचे तो उन्हें भगा दिया गया और एक चर्चित सिपाही ने इन लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया। यहीं से गुस्सा भड़क उठा।
स्थानीय विधायक के संरक्षण का आरोप-
स्थानीय लोग बताते है कि इजराइल हिस्ट्रीशीटर बदमाश है और कस्बे में उसकी दहशत रहती है| पीड़ित लोगों को पूरे कमालगंज कस्बे का सहयोग मिला। देखते- देखते कस्बे के लोग हाथों में डंडे लेकर सड़कों पर उतर आये । थाने का घेराव कर जाम लगा दिया गया। लोग थानाध्यक्ष और उस चर्चित सिपाही को हटाने की मांग कर रहे थे। पूरा बाजार बंद हो गया। तनाव की स्थिति देखकर अधिकारी परेशान हो गए थे। पीडित राजेश ने बताया कि किस तरह से इजराइल का आतंक हैं| आरोप लगाया कि उसे सपा विधायक का संरक्षण मिला हुआ है। शीतल यादव ने बताया कि सिपाही रिजवान का बहुत आतंक है। जिलाधिकारी पवन कुमार, पुलिस अधीक्षक जोगेन्दर कुमार, अपर जिलाधिकारी आलोक सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह समेंत सभी अधिकारियों ने लोगों को समझाबुझाकर आरोपी के खिलाफ दो मामले दर्ज कराये। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गयी हैं। कस्बे में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गयी है। अधिकारी बाजारों में राउंड कर रहे हैं। बाजारो में सन्नाटा पसरा है। अपर जिलाधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही हैं। पुलिस ने भीड़ के दवाब में दो मुकदमें दर्ज किये हैं। पुलिस अधीक्षक जोगेंद्र सिंह ने जे एन आई को फोन पर बताया कि मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है| स्थानीय विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि इलाके में बदमाशी किसी भी कीमत पर बर्दास्त नहीं की जाएगी| उन्होंने पुलिस को तत्काल हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार करने को कहा है ताकि कस्बे में लोग शांति से रह सके| संरक्षण देने के आरोप निराधार है|