कल्याण प्रधान मंत्री बनें या मुख्यमंत्री, हमें भाजपा में हमारा हक चाहिए: शकुंतला शाक्य

Uncategorized

फर्रुखाबाद: जनक्रांति पार्टी की महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रहीं शकुंतला शाक्य ने कहा कि वह विलय हो चुकी अपनी पार्टी में बहुत संघर्ष कर चुकीं हैं। अब भाजपा में आने पर उन्हें अपना सम्मान चाहिए। कल्याण सिंह मुख्यमंत्री बनें या प्रधानमंत्री, कार्यकर्ताओं को उनका हक मिलना चाहिए।

जनक्रांति पार्टी के भाजपा में विलय होने के बाद महिला मोर्चा की कुर्सी से नीचे उतरीं शकुंतला शाक्य ने स्पष्ट शब्दों में कह दिया कि उन्होंने जनक्रांति पार्टी में पूरी दमदारी से काम किया। कार्यकर्ताओं के प्रयास से ही जनक्रांति पार्टी ऊंचाइयों को छू पायी। अब जब भाजपा में जनक्रांति पार्टी का विलय हो गया तो हमें तो अपना हक चाहिए। शकुंतला ने कहा कि हालांकि वह भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के भाजपा में विलय होने से पहले बाबू जी द्वारा शर्त रखी गयी थी कि जो पार्टी पदाधिकारी जिस पद पर है उसे भाजपा में वहीं पद दिया जायेगा।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कल्याण सिंह मुख्यमंत्री बनें या प्रधानमंत्री उन्हें तो अपना हक चाहिए। इसके अलावा पार्टी में शामिल हुए अन्य कार्यकर्ता भी यही चाह रहे हैं और अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह व उनके साथ के अन्य पदाधिकारी पार्टी को छोड़ देंगे।

इस सम्बंध में भाजपा नेता पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश राजपूत ने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा में शामिल हो गयी। अब सभी भाजपा के सदस्य हैं। पार्टी की नीति व निर्देश जनक्रांति पार्टी से अलग हैं। भाजपा में श्रेष्ठता के हिसाब से पद दिया जायेगा। सभी कार्यकर्ताओं को पदाधिकारी नहीं बनाया जा सकता।
[ihrss-gallery type=”gallery1″ w=”600″ h=”145″ speed=”1″ bgcolor=”#FFFFFF” gap=”5″ random=”YES”]