ग्राम पंचायत अधिकारियों ने की वरिष्ठ लिपिक को हटाने की मांग

Uncategorized

फर्रुखाबाद: शहर क्षेत्र के बढ़पुर ब्लाक में हुई ग्राम पंचायत अधिकारियों की बैठक में कर्मचारियों का शोषण करने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि सम्बंधित लिपिक को तत्काल हटाया जाये। इस दौरान अन्य कई मांगों पर भी विचार विमर्श किया गया।

ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के अध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में तकरीबन दो दर्जन वीडीओ बढ़पुर ब्लाक के सभागार में इकट्ठे हुए। जहां संगठन के कई समस्याओं पर बिंदु बार चर्चा हुई। जिसमें कर्मचारियों ने कहा कि आठ माह से वेतन न मिलने व पांच साल से डीए का भुगतान न होने से कर्मचारियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। जिसको शीघ्र कर्मचारियों को भुगतान किया जाये। इस दौरान बढ़पुर ब्लाक के बिल लिपिक राकेश कुमार के खिलाफ भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए वीडीओ ने कहा कि वेतन न मिलने के पीछे बिल लिपिक की भूमिका संदिग्ध है। जिसके चलते बिल लिपिक राकेश कुमार को तत्काल हटाया जाये। उस पर पैसे लेकर ही काम करने का आरोप लगाया गया। इस सम्बंध में यह भी कहा गया कि अपनी मांगों को लेकर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को भी लिखकर दिया जा चुका है लेकिन प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंगा।

इस दौरान संगठन के महामंत्री शैलेन्द्र त्रिपाठी के अलावा दरोगा सिंह, सुरेन्द्र सिंह, विजय कुमार सिंह, प्रेमपाल आदि ग्राम पंचायत अधिकारी मौजूद रहे।