तीन साल बाद अब लुईस चुनावी वादों को याद करने की कोशिश में

Uncategorized

फर्रुखाबाद: बीते दिनों जाकिर हुसैन ट्रस्ट को लेकर आरोपों में घिरे रहे विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद व उनकी पत्नी पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद ने जनता के दिमाग से ट्रस्ट घोटाले के आरोपों की बात कुछ धुंधली हो जाने के बाद आज दबे कदमों से जनपद में लुईस खुर्शीद ने दस्तक दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह तीन साल पूर्व चुनाव के समय किये गये जनता से वादों की समीक्षा करेंगीं।

पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद शाम तकरीबन पांच बजे निरीक्षण भवन में पहुंचीं जहां से कुछ ही मिनटों में वह फतेहगढ़ चौराहा स्थित एडवोकेट आदिल कामरान के आवास पर पहुंचीं तो पत्रकारों के सवालों से घिरना लाजमी था। एक प्रश्न के जबाव में लुईस खुर्शीद ने कहा कि तीन साल पहले हुए लोकसभा चुनाव में उनके द्वारा किये गये वादों की वह समीक्षा कर रहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार ने जनपद के लिए पैसा भेजा लेकिन वह जनपद तक नहीं पहुंच पाया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार पहले प्रदेश सरकार को पैसा भेजती है। उसके बाद प्रदेश सरकार जनपदों में पैसे का वितरण करती है। फर्रुखाबाद में विकास न होने की मुख्य बजह प्रदेश सरकार का केन्द्र द्वारा भेजा गया पैसा न देना है। लुईस खुर्शीद ने कहा कि वह इस सम्बंध में जिलाधिकारी से भेंट करेंगीं और उनसे पिछले तीन सालों में जनपद को भेजे गये पैसे के बारे में जानकारी लेंगीं।

उन्होंने कहा कि जनपद के सुधार के लिए शीघ्र पांच करोड़ की धनराशि स्वीकृत की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पिछले चुनाव में जो वादे किये थे, उन्हें पूरा किया जा रहा है। जिसमें मोहम्मदाबाद में दुग्ध फैक्ट्री बनाने का काम चल रहा है। आने वाले 2014 के चुनाव तक आलू की फैक्ट्री भी लगायी जायेगी। अपने वादों के लिए प्रसिद्ध सांसद व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद हमेशा से ही चर्चा में रहे हैं। लुईस ने पुनः वादा किया कि आने वाले बजट में फर्रुखाबाद से नई ट्रेनों का जुड़ाव किया जायेगा।

लुईस खुर्शीद ने कहा कि जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 30-30 हैंडपंप लगाये जाएंगे। हैंडपंप का सामान कायमगंज आ गया है। उन्होंने 8 व 9 दिसंबर को सलमान खुर्शीद के फर्रुखाबाद दौरे के लिए कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श किया। लुईस खुर्शीद ने कहा कि यह हैंडपंप सार्वजनिक स्थानों पर ही लगाए जाएंगे। इसके बाद डेढ़ सौ हैंडपंप और आएंगे। उन्होंने कहा कि 53 स्थानों पर वाटर प्यूरीफायर व कूलर लगवाए गए हैं। दूसरी खेप भी आने वाली है। दूध फैक्ट्री चालू होने वाली है। आलू फैक्ट्री के लिए भूमि फाइनल हो गई है। कंपनी ने एक शीतगृह भी खरीद लिया है। आगामी बजट में ट्रेनें बढ़वाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सांसद निधि के कार्यो में अड़चनें दूर कराने को वह बुधवार को जिलाधिकारी से मिलेंगी।

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष आफताब हुसैन, फरीद चुगताई, सभासद रवीश द्विवेदी, डा0 दिनेश अग्निहोत्री, जीतू मिश्रा के अलावा अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे।