इश्कबाजी की चुगली करने पर गोली मारी

Uncategorized

फर्रुखाबाद: पुरानी कहावत है कि हमेशा सत्य बोलो, झूठ बोलना पाप है। लेकिन कभी कभी सच बोलना भी महंगा पड़ जाता है, जो एक युवक को पड़ गया। पड़ोसी की बीबी को दूसरे के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने की बात जब उसने दो चार लोगों को बता दी तो यह सच  बोलना उसे ज्यादा महंगा पड़ गया। महिला के पति ने उसे दिन दहाड़े गोली मार दी।

गोली लगने से घायल जितेन्द्र यादव पुत्र सियाराम निवासी लोहापानी थाना मऊदरवाजा ने बताया कि वह गांव के ही मिजाजीलाल यादव (फौजी) की टाटा मैजिक पर हेल्परी का काम करता है। मिजाजीलाल के सम्बंध गांव के ही महेन्द्र चौहान की पत्नी कुसुमा के साथ हैं। जिसे एक बार उसने आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। यह सत्य घटना वह अपने अंदर छिपा न सका और उसने गांव के ही दो चार लोगों को इस प्रेम प्रसंग का रहस्योउदघाटन कर दिया। धीरे धीरे बात जब खुली तो महेन्द्र चौहान ने जितेन्द्र यादव से मिजाजी की गाड़ी पर काम छोड़ देने की हिदायत दी। जिस पर उसने काम छोड़ने से इंकार कर दिया। इसी बात से भिन्नाये महेन्द्र चौहान ने बीती रात उस वक्त जितेन्द्र के गोली मार दी। जब वह अपनी मैजिक से गांव की तरफ जा रहा था। रास्ते में महेन्द्र ने उसे घेर लिया और 315 बोर के तमंचे से उस पर फायर कर दिया। फायर जितेन्द्र के सीधे पैर में जांघ में आ लगा। जिससे वह वहीं लड़खड़ाकर गिर गया। प्रातः जितेन्द्र ने मामले की सूचना थाना मऊदरवाजा को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने जितेन्द्र को घायल अवस्था में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।

मऊदरवाजा थानाध्यक्ष हरपाल सिंह यादव ने बताया कि गोली लगने से घायल जितेन्द्र यादव की तहरीर पर आरोपी महेन्द्र चौहान व एक अन्य के विरुद्व एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है। जांच के बाद और उचित कार्यवाही की जायेगी।