राजनीति में भेड़िये मारे-मारे घूम रहे हैं: ब्रम्हदत्त अवस्थी

Uncategorized

फर्रुखाबाद: पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता विमल तिवारी की छठवीं पुण्य तिथि आयोजित की गयी। जिसमें परिवहन मंत्री के अलावा अन्य गणमान्य नागरिकों ने शिरकत की। श्रद्धांजलि समारोह में  ब्रम्हदत्त अवस्थी ने कहा कि राजनीति में भेड़िये मारे-मारे घूम रहे हैं। सपा नेता सरल दुबे ने कहा कि विमल तिवारी राजनीति के द्रोणाचार्य थे तो उनसे राजनीति के गुर सीखने वाले विजय सिंह अर्जुन।

विमल तिवारी की पुण्य तिथि का आयोजन चौक स्थित अग्रवाल सभाभवन में किया गया। जहां परिवहन राज्य मंत्री ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि विमल तिवारी उनके पुराने राजनीतिक मित्र रहे। उन्होंने कभी एक जाति से प्रेम नहीं किया बल्कि वह हर जाति धर्म को पसंद करते थे।

सदर विधायक विजय सिंह ने कहा कि स्व. विमल तिवारी फर्रुखाबाद की राजनीति के बहुत ही पुराने गुरू रहे। इस दौरान विजय सिंह ने विमल तिवारी की एक प्रतिमा शहर के किसी चौराहे पर लगवाने का आश्वासन दिया और इस सम्बंध में एमएलसी व चेयरमैन पति मनोज अग्रवाल से जगह मुहैया कराने की बात भी कही। इस सम्बंध में मंत्री मानपाल सिंह ने सदर विधायक विजय सिंह के प्रस्ताव में सहमति जतायी और विमल तिवारी की मूर्ति लगवाने में हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया।

पूर्व विधायक महरम सिंह ने कहा कि विमल तिवारी ने जिस समय राजनीति की उस समय की राजनीति और आज की राजनीति में जमीन और आसमान का अंतर आ गया है। ईमानदारी राजनीति से बिलकुल चली गयी। ब्रम्हदत्त अवस्थी ने कहा कि राजनीति का स्तर अब ज्यादा ही गिर गया है। राजनीति में भेड़िये मारे-मारे घूम रहे हैं। जबकि राजनीति राष्ट्र की साधना है और राष्ट्र की साधना के लिए लोक चेतना अति आवश्यक है। अरुण प्रकाश तिवारी ददुआ ने भी अपने विचार व्यक्त किये। सपा नेता सरल दुबे ने विमल तिवारी की पुण्य तिथि में बोलेते हुए कहा कि स्वर्गीय विमल तिवारी राजनीति के द्रोणाचार्य थे तो उनके शिष्य के रूप में सदर विधायक विजय सिंह अर्जुन हैं।

इस दौरान स्व0 विमल तिवारी की पत्नी शांतीदेवी के अलावा एमएलसी मनोज अग्रवाल, संजीव मिश्रा बाबी, पुन्नी शुक्ला, अजय पाण्डेय, बृजकिशोर सिंह किशोर, राजेश पाठक, अनिल तिवारी, आदेश तिवारी, पप्पू तिवारी, राधेश्याम मिश्रा, दीपक चतुर्वेदी, श्रीचन्द्र मिश्रा, अक्कू तिवारी, उर्मिला राजपूत आदि लोग मौजूद रहे। सभा का संचालन वरिष्‍ठ सपा नेता सतीश दीक्षित ने किया।