संघ स्थापना दिवस पर आरएसएस कार्यकर्ताओं ने की फायरिंग

Uncategorized

फर्रुखाबाद: विजय दशहरा पर घर घर शस्त्र पूजन का आयोजन चल रहा है। अधिकांश हिन्दू संगठनों ने दशहरा को शस्त्र पूजन कर मनाया। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने भी रामानंद बालक इंटर कालेज में शस्त्र पूजन कार्यक्रम रखा। जिसकी अध्यक्षता डा0 जितेन्द्र सिंह यादव ने की। कार्यक्रम में शस्त्र पूजन के साथ ही श्री राम के चित्र पर मल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर आरएसएस कार्यकर्ताओं ने कालेज परिसर में फायरिंग भी की।

कार्यक्रम में सघ के सह प्रांत प्रचारक मुकेश खाण्डेकर ने कहा कि हमारा अंग्रेजों के काल से ही प्रारंभिक संगठन है। संघ की शाखाओं के माध्यम से मनुष्य निर्माण का कार्य संघ ही करता है। नेता जी सुभाषचन्द्र बोस, चन्द्रशेखर आजाद, भगत सिंह जैसे लोगों की सोच थी कि बिना शक्ति के स्वतंत्रता प्राप्त नहीं होगी। विजय दशमी के दिन ही संघ की स्थापना हुई थी। संघ के माध्यम से विश्व को हिन्दू संस्कृति का दर्पण दिखाने का कार्य लगातार जारी रहेगा। डा0 हेडगेवार जी ने हिन्दू समाज को संगठित करने को स्वीकार करते हुए संघ की स्थापना की थी। व्यक्ति के निर्माण से ही चरित्र निर्माण होता है। स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को सन्देश दिया था कि युवा ही राष्ट्र निर्माण कर सकते हैं।

एस डी कालेज के चेयरमैन डा0 जितेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि जितने भी धर्म हिन्दुस्तान में हैं, उनमें हिन्दू धर्म को मजबूती देना प्रत्येक भारतीय समझता है। उन्होंने कहा कि जातिवाद से ऊपर उठकर संघ की शाखा में ध्वज के नीचे आना होगा। जिससे हिन्दू समाज मजबूत और आत्म बलशाली बने। हमारी धार्मिक भावना एक होनी चाहिए। राष्ट्र के प्रति समर्पण होना चाहिए तभी देश, राष्ट्र की उन्नति होगी। मंच पर संघ के विभाग संघ चालक इटावा डा0 नरेन्द्र पाण्डेय मौजूद रहे।

इस अवसर पर विशम्भर दयाल मिश्रा, स्वदेश दुबे, विजय अवस्थी, शिव विकास त्रिवेदी, ने गीत कराया। कार्यक्रम में दिनेश मिश्रा, अभिषेक त्रिवेदी, जिला प्रचारक गणेश प्रताप, नगर प्रचारक मोहित, अमित पाठक, डा0 विश्राम सिंह यादव, दीपक द्विवेदी, वेदराम, राम जी मिश्रा, सुरेन्द्र सिंह गौर, सुधीर शर्मा एडवोकेट, सर्वेश शुक्ला, रामचन्द्र बाल्मीकि, प्रलय प्रताप सिंह आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।