भ्रष्‍टाचार हमारा मुद्दा, पर केजरीवाल के साथ नहीं: भूदेव

Uncategorized

फर्रुखाबाद: भ्रष्‍टाचार को अपना मुद्दा बताने के बावजूद भाजपा आगामी 1 नवंबर को होने वाली अरविंद केजरीवाल की सभा से सहमत नहीं हैं। भाजपा जिलाध्‍यक्ष भूदेव राजपूत ने बताया कि भ्रष्‍टाचार भाजपा का घोषित ऐजेंडा है, परंतु केजरीवाल केवल मीडिया में बने रहने के लिये गडकरी जैसे नेताओं पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।

विदित है कि आगामी 1 नवंबर को इंडिया अगेंस्‍ट करप्‍शन के अरविंद केजरीवाल की जनपद में सभा प्रस्‍तावित है। केंद्रीय कनून मंत्री सलमान खुर्शीद के विरुद्ध आरोपों के चलते कांग्रेसी तो पहले से ही अरविंद केजरीवाल का विरोध कर रहे थे, भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष नितिन गडकरी के विरुद्ध किसानों की जमीन अवैध रूप से हड़पने का खुलासा होने के बाद अब भाजपा ने भी उनसे दूरी बना ली है। स्‍थानीय स्‍तर पर भाजपा नेताओं ने इस संबंध में प्रतिक्रिया व्‍यक्‍त करते समय अरविंद केजरीवाल पर कीचड़ उछाला।

भाजपा जिलाध्‍यक्ष भूदेव सिंह राजपूत कहते हैं कि अरविंद केजरीवाल द्वारा नितिन गडकरी पर लगाये गये भ्रष्‍टाचार के आरोप पूरी तरह फर्जी हैं। उन्‍होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सभा में जाने या उनका सहयोग करने का कोई प्रश्‍न ही नहीं उठता है। यदि आलाकमान से कोई निर्देश आता है तो बात अलग होगी। भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा के प्रदेश अध्‍यक्ष सुशील शाक्‍य का कहना है कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है। यहां किसी को भी आरोप लगाने का अधिकार है। अराविंद केजरीवाल के आरोपों का जवाब दिया जायेगा, व लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जायेगा। भाजपा के फायरब्रांड नेता प्रांशु दत्‍त द्विवेदी का कहना है कि केजरीवाल की सभा में भाजपा कार्यकर्ताओं के जाने का कोई सवाल नहीं है। भ्रष्‍टाचार तो भाजपा का मुद्दा है। हम अपने तरीके से भ्रष्‍टाचार का विरोध करते रहे हैं, करते रहेंगे।