थानेदार से मारपीट के आरोपी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

Uncategorized

कमालगंज (फर्रुखाबाद): थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम टाडा बहरामपुर निवासी युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गयी। युवक के साथ बाइक पर बैठकर आ रहा गांव का एक अन्य युवक घटना स्थल से सर्वेश को मृत छोड़कर फरार हो गया। सर्वेश टाडा बहरामपुर में हुए बलवे में थानेदार के साथ मारपीट में नामजद था। परिजनों ने अवैध सम्बंध के चलते सर्वेश की हत्या किये जाने की बात कही है।

टाडा बहरामपुर निवासी रामऔतार यादव का छोटा पुत्र सर्वेश अपनी पत्नी व पुत्र आशू के साथ गांव में ही रहता था। सर्शेव की पत्नी ने अभी 15 दिन पहले ही एक पुत्री को जन्म दिया था। सर्वेश का बड़ा भाई श्यामलाल उर्फ रामलाल दूध बेचने का काम करता है। जो परिवार से अलग रहता है। मंगलवार की दोपहर करीबन तीन बजे सर्वेश अपनी प्लेटिना बाइक संख्या यूपी 76 एल 4638 पर सवार होकर अपने एक अन्य गांव के ही युवक मुंशी के साथ बैठकर याकूतगंज के लिए आ रहा था। तभी कुंदन नगला के निकट सर्वेश के सिर में गोली मार दी गयी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। मौत की सूचना क्षेत्र में फैलते ही घटना स्थल पर सैकड़ों की संख्या में भीड़ एकत्रित हो गयी। कुंदन की मां रामप्यारी व पिता रामऔतार यादव भी मौके पर पहुंचे। रामप्यारी ने सर्वेश के साथ कुंदन नगला की युवती राजकुमारी के साथ अवैध सम्बंध की बात स्वीकारी। इसी के चलते महिला द्वारा सर्वेश की हत्या करा देने का आरोप लगाया है। सर्वेश की मां रामप्यारी के अनुसार राजकुमारी व उसके पति अजयपाल व पुत्र राजकुमार ने सर्वेश को खेतों की तरफ बुलाकर गोली से उड़ा दिया व फरार हो गये। घटना स्थल से अजयपाल का खेत महज चंद कदमों की दूरी पर है। जहां वह लोग मूंगफली काट रहे थे। मौका देखकर फरार हो गये।

घटना के एक चश्‍मदीद उमा शंकर फौजी निवासी कुंदन नगला ने बताया कि अजयपाल व उसकी पत्‍नी रामकुमारी एवं उनका पुत्र राजकुमार खेत में मूंगफली काट रहे थे। पास में ही जितेंद्र पुत्र प्रभुदयाल बैठा था। उसी समय सर्वेश यादव मोटर साइकिल से उधर से गुजरा। थोड़ी देर बाद सर्वेश मोटर साइकिल मोड़कर वापस आया। संभवत: उसे फोन कर बुलाया गया था। सर्वेश मोटर साइकिल से उतर कर उन तीनों से बात करने लगा। इसी बीच जितेंद्र ने तमंचा निकाल कर सर्वेश को गोली मार दी व तीनों वहां से भाग गये। जितेंद्र के भी रामकुमारी से प्रेमप्रसंग बताये गये हैं।

परिजनों को क्षति विक्षत अवस्था में शव बाग में पड़ा मिला। वहीं कुछ समय पूर्व कमालगंज थानाध्यक्ष के साथ टाडा बहरामपुर में मारपीट कर देने के आरोप भी सर्वेश पर लगे थे। जिसके चलते सर्वेश नामजद भी किया गया था। मौके पर सीओ डीएस गर्वियाल,  थानाध्यक्ष राघवन सिंह ने  मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की व शव का पंचनामा भरा।

घटना के दो घंटे बाद पहुंची पुलिस

सर्वेश को तकरीबन तीन बजे गोली मारकर मौत के घाट उतार आरोपी तमंचा लहराते हुए फरार हो गये। घटना स्थल पर भारी भीड़ एकत्रित हो गयी लेकिन घटना के दो से ढाई घंटे के बाद कमालगंज थानाध्यक्ष राघवन सिंह व सीओ डीएस गर्वियाल ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की। तब तक सर्वेश का शव लहूलुहान अवस्था में बाग में ही पड़ा रहा। गोली लगने से सर्वेश के सिर का हिस्सा बुरी तरह लहूलुहान हो गया। एक आंख का अता पता तक नहीं रहा।

सर्वेश का हुआ था प्रेम विवाह

रामऔतार यादव के दोनो पुत्र अपनी अपनी मनमानी करते थे। बड़ा पुत्र श्यामलाल पहले ही घर छोड़कर दूध का काम करता था। रामऔतार के पास 25 बीघा जमीन थी। जिसका अभी बटवारा तक नहीं हुआ था। उधर सर्वेश ने तीन साल पहले कानपुर से प्रेम विवाह कर लिया था। दोनो भाइयों में आपस में नहीं पटती थी।

फिलहाल थानाध्यक्ष कमालगंज राघवन सिंह ने बताया कि मामले के बारे में अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर कार्यवाही की जायेगी।