हल्की बारिश में चोक हुआ अंडरग्राउंड नाला, सड़क पर जलभराव से लोगों को परेशानी

0
201

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) नगर पालिका क्षेत्र के मछरटटा-गुदड़ी रोड मार्ग पर बने अंडरग्राउंड नाले के चोक हो जाने से सोमवार को हुई हल्की बारिश के बाद सड़क पर जलभराव हो गया। पानी भरने से राहगीरों और स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही नगर पालिका की टीम जेसीबी मशीन और अन्य उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने नाले से जुड़े चैंबर को तोड़कर सफाई अभियान शुरू किया, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी नाला पूरी तरह नहीं खुल सका।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई वर्ष पुराने इस अंडरग्राउंड नाले में अक्सर कपड़े, गद्दे, रजाई और अन्य कूड़ा-कचरा फंस जाने से जल निकासी बाधित हो जाती है, जिससे जलभराव की समस्या बनी रहती है।
गौरतलब है कि करीब तीन माह पूर्व खड़आई मोड़ के पास भी नाला चोक हो गया था। उस समय नगर पालिका को लगभग एक सप्ताह तक अभियान चलाकर सफाई करनी पड़ी थी और नई पुलिया का निर्माण भी कराया गया था। अब उसी स्थान से करीब 20 मीटर की दूरी पर फिर नाला अवरुद्ध हो गया है।
नगर पालिका कर्मचारी भीष्म सिंह और प्रमोद यादव अपनी टीम के साथ मौके पर डटे रहे और सड़क खुदवाकर नाले को खोलने का प्रयास करते रहे। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में नाले से फटी रजाई, कपड़े और भारी मात्रा में कचरा निकला था। लोगों द्वारा खुले नालों में फेंका गया कूड़ा बहकर अंदर पहुंच जाता है, जिससे नाला चोक हो जाता है।
नगर पालिका प्रशासन ने नाले की सफाई कार्य को युद्धस्तर पर जारी बताते हुए जल्द जल निकासी व्यवस्था बहाल करने का दावा किया है। साथ ही नागरिकों से नालों में कूड़ा-कचरा न फेंकने की अपील की गई है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]