सिपाहियों ने हत्या कर युवक का शव छत से फेंका, रिपोर्ट के बावजूद पुलिस ढुलमुल

0
116

कायमगंज: कायमगंज नगर क्षेत्र में श्यामा गेट पर किराये पर रह रहे युवक बंटी गंगवार की गुरुवार को प्रात: हत्या कर दी गयी। शमसाबाद के फरीदपुर सैदवाड़ा निवासी 26 वर्षीय युवक बंटी गंगवार की हत्या के मामले में दो सिपाहियों पवन पचौरी व दिनेश चंद्र के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गयी है।

[adrotate banner="3"]

प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास उर्फ बंटी गंगवार विगत रात्रि श्यामा गेट “चुना कुवरि” धर्मशाला की दूसरी मंजिल पर स्थित सिपाही पवन पचौरी के कमरे में रुका था। गुरुवार को प्रात: इसी धर्मशाला के निकट बने एक अन्य मकान की छत पर बंटी गंगवार का शव पड़ा लोगों को नजर आया। बंटी के जूते, कपड़े व दो मोबाइल सिपाही पवन के कमरे से बरामद होने के कारण शक और गहरा गया है। मृतक के शव के पास सिपाही पवन पचौरी की चप्पलें भी पड़ी थीं, जिन्हें बाद में पवन ने अन्य पुलिस कर्मियों के सामने ही पहना था।

प्रभारी निरीक्षक ने बतया कि बंटी के पिता अनिल गंगवार निवासी द्वारा कोतवाली कायमगंज पहुंच कर सिपाही पवन पचौरीव दिनेश चंद्र के विरुद्ध दी गयी तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गयी है।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जनआक्रोश को देखते हुए एफआईआर तो सिपाहियों के विरुद्ध दर्ज कर ली गयी है, परंतु उनके बचाव के लिये महकमें के अधिकारी लग गये हैं। पता चला है कि आरोपी सिपाहियों को किसी अन्य दरोगा के साथ गश्त पर हमराही दिखाने की कवायद चल रही है। अभी तक पुलिस दोनों सिपाहियों के हिरासत में लिये जाने के विषय पर भी चुप्पी साधे है।

[adrotate banner="2"]