फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में विद्युत उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट और प्रीपेड मीटर जबरदस्ती लगाए जाने के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी महानगर इकाई ने कड़ा विरोध जताया है। महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा के नेतृत्व में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि विद्युत विभाग अपनी मनमानी करते हुए उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगा रहा है, जो कि नियमों के विपरीत है। सपा नेताओं का कहना है कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार किसी भी उपभोक्ता के यहां उसकी अनुमति के बिना स्मार्ट मीटर नहीं लगाया जा सकता, इसके बावजूद विभागीय अधिकारी इस आदेश की अनदेखी कर रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि जिले और महानगर क्षेत्र में कई स्थानों पर जबरन मीटर बदले जा रहे हैं, जिससे
उपभोक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। सपा ने मांग की कि किसी भी उपभोक्ता के यहां जबरदस्ती स्मार्ट मीटर न लगाया जाए। साथ ही, यदि किसी कारणवश मीटर बदलना आवश्यक हो, तो प्रीपेड मीटर के बजाय पोस्टपेड मीटर ही लगाया जाए और वह भी उपभोक्ता की सहमति से।सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी जनआंदोलन करने को बाध्य होगी। इस दौरान सपा पिछड़ा वर्ग प्रदेश सचिव यूनुस अंसारी, नागेंद्र सिंह शाक्य, कुलदीप भारद्वाज, अतुल वर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, शशांक सक्सेना, पंकज सक्सेना, रोहित गुप्ता आदि रहे|
स्मार्ट व प्रीपेड मीटर जबरन लगाने पर सपा का विरोध, ज्ञापन सौंपा




