अजब तमाशा: सुबह तक सलमान की मुर्दाबाद, शाम ढले जिंदाबाद

0
111

फर्रुखाबाद: कानून मंत्री सलमान खुर्शीद व उनकी पत्नी लुईस खुर्शीद के जाकिर हुसैन ट्रस्ट में किये गये घोटाले का खुलासा होने के बाद उनके पक्ष में उतरी कांग्रेस अब मीडिया में अपने आपको ईमानदार साबित करने का हर प्रयास कर रही है। मीडिया के सामने अपना दाग धोने के लिये तरह तरह के मैनेजमेंट में लग गयी है। अजब तमाशा चल रहा है। जो सुबह तक सलमान का पुतला फूंक मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे, वे शाम ढले हुई कांग्रेस की प्रेस की कांफ्रेंस में सलमान जिंदाबाद करते नजर आये।

[adrotate banner="3"]

इंण्डिया अगेंस्ट करप्शन व सर्वोदय मित्र मण्डल के कार्यक्रमों में सलमान खुर्शीद व लुईस पर कानूनी कार्यवाही करने के लिए हवन व पुतला फूंकने में अग्रणी वैद्य वीरेन्द्र आर्य शाम को कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बुलायी गयी कान्फ्रेंस में बोले कि सलमान पर लगाये गये आरोप गलत हैं।

विदित है कि शुक्रवार को प्रातः कचहरी पहुंचे अन्ना समर्थकों के साथ वीरेंद्र ने जिला पूर्ति कार्यालय के बाहर हवन किया। जिसमें सलमान खुर्शीद व उनकी पत्नी लुईस द्वारा चलाये जा रहे जाकिर हुसैन ट्रस्ट के अन्तर्गत घोटाले के आरोप में उन्हें बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे, पुतला फूंक रहे थे। इण्यिा अगेंस्ट करप्शन के कार्यकर्ताओं में वैद्य वीरेन्द्र आर्य ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और सलमान व लुईस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यही वीरेंद्र शाम को कांग्रेस की प्रेस कांफ्रेंस में सलमान व लुईस के पक्ष में माहौल बनाने पहुंच गये। प्रश्न इस बात का है कि वीरेन्द्र आर्य आखिर कान्फ्रेंस में अचानक कैसे पहुंच गये, इस प्रशन के जबाव में वीरेन्द्र व कांग्रेसी बगलें झांक गये। वीरेन्द्र आर्य ने मीडिया के सामने ट्रस्ट द्वारा ट्राई साइकिलें व अन्य उपकरण बांटने की पुष्टि कर डाली।

बताते चलें कि वीरेन्द्र आर्य जनपद में एक विकलांग सेवा संस्थान चला रहे हैं। जिसके चलते उन्हें ढाल बनाकर कांग्रेस ने मीडिया के सामने खड़ा कर दिया और मंत्री व उनकी पत्नी के पक्ष में कसीदे पढ़वाये। अब इसको किस बात का रूप दिया जाये। वीरेन्द्र आर्य ने मीडिया के सामने कबूला कि मंत्री के ट्रस्ट से साइकिलें बंटीं, यह बात उन्हें अब भलीभांति पता है। जबकि एक दिन पूर्व गुरुवार की शाम लक्ष्मण सिंह के आवास पर बुलायी गयी बैठक में वीरेन्द्र आर्य ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया था और आज के हवन व पुतला फूंकने के कार्यक्रम की रणनीति बनायी थी। उसे आज बखूबी अंजाम भी दिया। बड़ा सवाल यह है कि आखिर इण्डिया अगेंस्ट करप्शन के इस कार्यकर्ता की ऐसी क्या मजबूरी आ गयी कि उसने कांग्रेसियों के सामने सलमान के पक्ष में कसीदे पढ़े।

इस सम्बंध में जब इण्डिया अगेंस्ट करप्शन के सदस्य व सर्वोदय मण्डल के मंत्री लक्ष्मण सिंह से इस मामले में जानकारी मांगी गयी तो उन्होंने कहा कि अब हर कोई अन्ना हजारे और अरविंद केजरी वाल नहीं हो सकता। वह धोखे से पहुंच गये होंगे। कल पुनः कचहरी में हवन करेंगे।

[adrotate banner="2"]