फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) इटावा-बरेली हाई-वे पर होकर इन दिनों आपको सफर करना है तो रफ्तार पर कंट्रोल ज्यादा फायदेमंद रहेगा। हाईवे से लेकर संपर्क मार्गों तक किसानों ने मक्का सुखाने के लिए कब्जा कर रखा है। हाई-वे के दोनों ओर मक्का फैला दिए जाने से ड्राइवरों को वाहन एक-दूसरे से बचा पाना मुश्किल हो जाता है। ऐसा भी नहीं कि हाईवे पर होकर किसी अफसर की नजर मक्का की ओर नहीं जाती। नजर तो पड़ती है पर कोई गौर नहीं करता। इसलिए अच्छा तो यही रहेगा कि खुद ही बचाककर वाहन निकाल ले जाएं।
मक्का की वजह से इलाके में इटावा-बरेली हाईवे मोहम्मदाबाद की तरफ सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। इसके साथ ही हाई-वे को जोड़ने वाले कई मार्गों पर तो मक्का उत्पादकों का जैसे कब्जा बना हुआ है। करीब एक सप्ताह से हाईवे पर सड़क के दोनों ओर सुखाने के लिए मक्का उड़ेल दी गई। वाहनों की चपेट में आकर मक्का इधर-उधर, बिखरने के बचाने को किसानों ने सड़क पर ही ईंटें लगा रखी हैं लेकिन किसी को इस बात की चिंता नहीं कि बाइक सवार कोई भी व्यक्ति चपेट में आया तो सुरक्षित कैसे बच पाएगा। हाई-वे पर होकर रोजाना ही हजारों की संख्या में वाहन गुजरते हैं। पुलिस और प्रशासनिक अफसर भी सरकारी वाहनों से निकलते हैं लेकिन लोगों पर जोखिम से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर किसी की नजर नहीं पड़ती।
धूप निकलने से मक्का किसानों पर दिखी खुशी
मंगलवार सुबह से ही धूप निकलने से मक्का सुखानें वाले किसानों के चेहरे पर खुशी नजर आयी| धूप निकलने से मक्का किसानों कोमक्का सुखानें में सहूलियत हुई| वहीं धूप से आमजन मानस परेशान नजर आया| 

सावधान! हाई-वे पर मक्का सूख रही है.. जरा बचकर निकालें



