सातनपुर आलू मंडी में उछाल: आमद दोगुनी, फिर भी 100 रुपये प्रति क्विंटल बढ़े भाव

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) एशिया की प्रसिद्ध सातनपुर आलू मंडी में शनिवार 9 मई को आलू के दामों में अचानक तेजी देखने को मिली। खास बात यह रही कि मंडी में आलू की आमद लगभग दोगुनी होने के बावजूद कीमतों में करीब 100 रुपये प्रति क्विंटल तक का उछाल दर्ज किया गया।
पिछले करीब एक महीने से मंडी में आलू के भाव लगभग स्थिर बने हुए थे। सफेद हाईब्रिड आलू 201 से 401 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा था, जबकि लाल हालैंड आलू के दाम 501 से 601 रुपये प्रति क्विंटल के बीच चल रहे थे। लेकिन शनिवार को मौसम में बदलाव और बाहरी मंडियों से बढ़ी मांग के चलते भाव अचानक चढ़ गए।
आज मंडी में सफेद हाईब्रिड आलू 301 से 501 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका, जबकि लाल हालैंड आलू 601 से 751 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया। व्यापारियों के अनुसार हाल की बारिश से भीषण गर्मी में राहत मिली है, जिससे आलू की मांग बढ़ी है। साथ ही अन्य जिलों और बाहरी मंडियों से खरीद बढ़ने का असर भी कीमतों पर साफ दिखाई दिया। मंडी में पिछले दिनों जहां 30 से 40 मोटर आलू की आवक हो रही थी, वहीं शनिवार को करीब 80 मोटर आलू पहुंचा। इसके बावजूद खरीददारों की संख्या अधिक रहने से बिक्री तेज रही और मंडी में आए सभी आलू की नीलामी करीब एक घंटे के भीतर पूरी हो गई।
व्यापारियों का मानना है कि यदि बाहरी मांग इसी तरह बनी रही तो आने वाले दिनों में आलू के दामों में और तेजी देखने को मिल सकती है।